रोहित शर्मा ने तोड़ी चुप्पी, रिटायरमेंट की अफवाहों पर दिया करारा जवाब

punjabkesari.in Monday, Jul 20, 2026 - 02:56 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : भारत के अनुभवी सलामी बल्लेबाज रोहित शर्मा ने इंग्लैंड के खिलाफ लॉर्ड्स वनडे में शानदार शतक जड़ने के बाद अपने वनडे संन्यास को लेकर चल रही तमाम अटकलों पर आखिरकार चुप्पी तोड़ दी। तीसरे और निर्णायक वनडे में 388 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करते हुए रोहित ने 110 गेंदों पर 138 रन की शानदार पारी खेली, लेकिन उनकी यह पारी भारत को जीत नहीं दिला सकी। इंग्लैंड ने मुकाबला 27 रन से जीतकर तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली।

मैच से पहले ऐसी खबरें सामने आई थीं कि लॉर्ड्स में खेला गया यह मुकाबला रोहित शर्मा के वनडे करियर का आखिरी मैच हो सकता है। हालांकि बीसीसीआई, कप्तान शुभमन गिल और खुद रोहित शर्मा की ओर से ऐसी कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई थी। अब मैच के बाद रोहित ने खुद इन अफवाहों पर जवाब देकर तस्वीर साफ कर दी है।

'अगर शोर नहीं होगा तो मजा भी नहीं आएगा'

बीसीसीआई द्वारा शेयर किए गए वीडियो में रोहित शर्मा ने कहा, 'देखिए, मेरा काम बल्ले से प्रदर्शन करना है, देश का प्रतिनिधित्व करना है। डेब्यू के समय से मुझे यही जिम्मेदारी दी गई है और मैं वही करता रहूंगा। मेरे डेब्यू के बाद से ही मेरे बारे में बातें होती रही हैं और जब तक मैं खेलूंगा, ये शोर चलता रहेगा। इससे मुझे कोई फर्क नहीं पड़ता।'

उन्होंने आगे कहा, 'मेरे लिए सबसे अहम बात यह है कि मैं मैदान पर टीम की सफलता में कितना योगदान देता हूं। बाहर क्या कहा जा रहा है, उससे मेरा ध्यान नहीं भटकता। अगर शोर नहीं होगा तो मजा भी नहीं आएगा। मेरा काम मैदान के अंदर है और उनका काम मैदान के बाहर। मैं इसे इसी तरह देखता हूं।' रोहित के इस बयान को उनके संन्यास की खबरों और आलोचनाओं का करारा जवाब माना जा रहा है।

34वां वनडे शतक, इंग्लैंड में बनाया बड़ा रिकॉर्ड

रोहित शर्मा ने लॉर्ड्स में अपने वनडे करियर का 34वां शतक लगाया। उन्होंने केवल 84 गेंदों में सेंचुरी पूरी की। यह इंग्लैंड की धरती पर उनके वनडे करियर का आठवां शतक भी रहा। इसके साथ ही रोहित इंग्लैंड में सबसे ज्यादा वनडे शतक लगाने वाले बल्लेबाजों की सूची में मार्कस ट्रेस्कोथिक की बराबरी पर पहुंच गए। इस सूची में अब केवल जो रूट (10 शतक) उनसे आगे हैं।

रोहित इंग्लैंड के खिलाफ वनडे क्रिकेट में 1000 से ज्यादा रन बनाने वाले भारत के आठवें बल्लेबाज भी बन गए। वहीं इंग्लैंड के खिलाफ उनका यह चौथा वनडे शतक रहा, जिससे उन्होंने युवराज सिंह के भारतीय रिकॉर्ड की भी बराबरी कर ली।

गिल के साथ 147 रन की साझेदारी

388 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए रोहित ने शुरुआत में संभलकर बल्लेबाजी की, लेकिन बाद में आक्रामक अंदाज अपनाया। उन्होंने कप्तान शुभमन गिल के साथ पहले विकेट के लिए 147 रन की शानदार साझेदारी की। गिल ने 84 गेंदों पर 77 रन बनाए। रोहित ने 21वें ओवर में अपना अर्धशतक पूरा किया और फिर जोश टंग के खिलाफ लगातार दो छक्के लगाते हुए 84 गेंदों में शतक जड़ दिया।

क्रैम्प के बावजूद खेली कप्तानी पारी

36वें ओवर में दूसरा रन लेते समय रोहित शर्मा को क्रैम्प की समस्या हुई। इसके बावजूद उन्होंने बड़े शॉट खेलने जारी रखे। 39वें ओवर में जैकब बेथेल पर छक्का लगाने के बाद अगली ही गेंद पर स्वीप खेलने के प्रयास में बोल्ड हो गए। रोहित ने अपनी 138 रन की पारी में 17 चौके और 5 छक्के लगाए।

कोहली ने भी निभाया साथ, लेकिन नहीं मिली जीत

रोहित के आउट होने के बाद विराट कोहली ने 60 गेंदों पर 74 रन बनाए, लेकिन दूसरे छोर से लगातार विकेट गिरते रहे। अंत में भारत 360/7 तक ही पहुंच सका और मुकाबला 27 रन से हार गया। इंग्लैंड ने इसके साथ ही तीन मैचों की वनडे सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News