Maa Lakshmi Katha : धन-वैभव और खुशहाली की कामना है तो दिवाली पर जरूर पढ़ें मां लक्ष्मी की यह पावन कथा

punjabkesari.in Sunday, Nov 08, 2026 - 11:50 AM (IST)

Maa Lakshmi Katha : दीपावली का पावन पर्व मां लक्ष्मी के स्वागत और उनकी कृपा प्राप्त करने का विशेष अवसर माना जाता है। इस दिन हर भक्त माता रानी से अपने घर में सुख-समृद्धि, धन-धान्य और खुशहाली बनाए रखने की प्रार्थना करता है। धार्मिक मान्यता है कि मां लक्ष्मी केवल धन-दौलत और दिखावे से प्रसन्न नहीं होतीं, बल्कि जहां सच्ची श्रद्धा, प्रेम, विनम्रता और अतिथि-सत्कार की भावना होती है, वहां उनका विशेष वास होता है। ऐसी ही एक बेहद सुंदर और प्रेरणादायक कथा साहूकार की बेटी और मां लक्ष्मी की है। इस कथा में बताया गया है कि कैसे एक साधारण परिवार की सच्ची भक्ति और प्रेम ने स्वयं धन की देवी का मन मोह लिया। तो आइए, दीपावली के शुभ अवसर पर पढ़ते हैं मां लक्ष्मी और साहूकार की बेटी की यह पावन कथा, जो हमें श्रद्धा और सादगी का महत्व समझाती है।

Maa Lakshmi Katha

मां लक्ष्मी और साहूकार की बेटी की कथा

प्राचीन समय की बात है। एक नगर में एक धनवान साहूकार अपनी पत्नी और बेटी के साथ रहता था। उसकी बेटी बहुत श्रद्धालु और धर्म-कर्म में विश्वास रखने वाली थी। वह प्रतिदिन सुबह अपने घर के बाहर लगे पीपल के वृक्ष को जल अर्पित करती और पूरे मन से उसकी पूजा करती थी। मान्यता थी कि उस वृक्ष में स्वयं मां लक्ष्मी का निवास था। बेटी की नियमित पूजा और सच्ची श्रद्धा से प्रसन्न होकर एक दिन मां लक्ष्मी पीपल के पेड़ से प्रकट हुईं। उन्होंने साहूकार की बेटी से कहा, “मैं तुम्हारी भक्ति से बहुत प्रसन्न हूं। क्या तुम मेरी सखी बनना पसंद करोगी?” मां लक्ष्मी की बात सुनकर बेटी ने विनम्रता से उत्तर दिया, “माता, यह मेरे लिए सौभाग्य की बात होगी, लेकिन मैं अपने माता-पिता की अनुमति लेने के बाद ही आपको अपना उत्तर दे पाऊंगी।” इसके बाद वह घर पहुंची और उसने अपने माता-पिता को मां लक्ष्मी से हुई पूरी बातचीत बताई। माता-पिता की सहमति मिलने पर उसने मां लक्ष्मी का प्रस्ताव स्वीकार कर लिया। इस प्रकार दोनों के बीच सखियों जैसा प्रेमपूर्ण संबंध बन गया। मां लक्ष्मी भी साहूकार की बेटी को बहुत स्नेह करने लगीं।

कुछ समय बीतने के बाद एक दिन मां लक्ष्मी ने अपनी सखी को अपने घर भोजन के लिए आमंत्रित किया। जब साहूकार की बेटी वहां पहुंची, तो मां लक्ष्मी ने उसका बहुत आदर-सत्कार किया। उसे सोने की चौकी पर बैठाया गया और सोने-चांदी के सुंदर बर्तनों में तरह-तरह के पकवान परोसे गए। इसके साथ ही उसे पहनने और ओढ़ने के लिए बेहद कीमती रेशमी वस्त्र भी दिए गए। भोजन के बाद मां लक्ष्मी ने अपनी सखी से कहा, “जिस तरह आज तुमने मेरे घर आकर भोजन किया है, उसी तरह कुछ दिनों बाद मैं भी तुम्हारे घर आऊंगी।” साहूकार की बेटी ने खुशी-खुशी उनका निमंत्रण स्वीकार कर लिया और घर लौट आई। उसने अपने माता-पिता को मां लक्ष्मी के आगमन की बात बताई। यह सुनकर पूरा परिवार प्रसन्न हो गया, लेकिन बेटी के मन में एक चिंता घर कर गई। वह सोचने लगी कि मां लक्ष्मी स्वयं धन और वैभव की देवी हैं। उनके पास हर तरह की सुख-सुविधा है। ऐसे में वह अपने साधारण से घर में उनका स्वागत किस तरह कर पाएगी?

Maa Lakshmi Katha

बेटी को उदास देखकर साहूकार ने उससे चिंता का कारण पूछा। तब उसने कहा, “पिताजी, मां लक्ष्मी के यहां मैंने इतना वैभव और ऐश्वर्य देखा है कि समझ नहीं आ रहा कि जब वे हमारे घर आएंगी, तो मैं उनका स्वागत कैसे कर पाऊंगी।” बेटी की बात सुनकर साहूकार ने उसे समझाया, “बेटी, मां लक्ष्मी को दिखावे से नहीं, बल्कि सच्ची श्रद्धा और प्रेम से प्रसन्न किया जाता है। तुम घर को अच्छी तरह साफ करना, आंगन और जमीन की लिपाई करना और अपनी सामर्थ्य के अनुसार जो भी भोजन तैयार हो सके, उसे पूरे आदर और प्रेम से उन्हें परोसना। मन में किसी तरह की हीन भावना मत रखना।” पिता की बातें सुनकर बेटी को थोड़ी तसल्ली मिली। तभी अचानक आसमान से उड़ती हुई एक चील उनके आंगन में आई और एक बेहद कीमती नौलखा हार गिराकर वहां से चली गई। इतना सुंदर हार देखकर साहूकार और उसका परिवार हैरान रह गया। बेटी ने इसे मां लक्ष्मी की कृपा समझा और उसके मन में भी उत्साह भर गया।

उसने पिता की सलाह के अनुसार मां लक्ष्मी के स्वागत की तैयारी शुरू कर दी। सबसे पहले पूरे घर और आंगन की अच्छी तरह सफाई की गई और जमीन को लीपकर सुंदर बनाया गया। इसके बाद चील द्वारा गिराए गए नौलखा हार को बेचकर प्राप्त धन से मां लक्ष्मी के लिए अच्छे भोजन की व्यवस्था की गई। परिवार ने सोने की चौकी और रेशमी दुशाला भी खरीदा, ताकि अपनी सखी का स्वागत पूरे सम्मान के साथ कर सके। निर्धारित दिन मां लक्ष्मी साहूकार के घर पहुंचीं। साहूकार की बेटी ने उनका प्रेमपूर्वक स्वागत किया और उन्हें सोने की चौकी पर विराजमान होने का आग्रह किया। लेकिन मां लक्ष्मी ने चौकी को देखकर कहा, “यह आसन तो राजा-महाराजाओं और रानियों के बैठने के योग्य है।” इतना कहकर मां लक्ष्मी ने सोने की चौकी पर बैठने के बजाय साफ-सुथरी जमीन पर ही अपना आसन लगा लिया। साहूकार की बेटी ने बड़े प्रेम और श्रद्धा से उन्हें भोजन परोसा। मां लक्ष्मी ने भी बड़े आनंद से भोजन ग्रहण किया। साहूकार के परिवार का स्नेह, विनम्रता और अतिथि-सत्कार देखकर मां लक्ष्मी अत्यंत प्रसन्न हुईं। उन्होंने पूरे परिवार पर अपनी कृपा बरसाई। देखते ही देखते साहूकार का घर धन-धान्य और सुख-संपत्ति से भर गया। परिवार के जीवन में खुशहाली आ गई।हे मां लक्ष्मी! जिस प्रकार आपने साहूकार की बेटी की श्रद्धा और उसके परिवार के प्रेम से प्रसन्न होकर उनके घर को सुख-समृद्धि से भर दिया, उसी प्रकार अपनी कृपा सभी भक्तों पर बनाए रखना। सबके घरों में धन-धान्य, सुख, शांति और खुशहाली का वास हो।

Maa Lakshmi Katha

शास्त्रों की बात, जानें धर्म के साथ
 

 

 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Sarita Thapa

Related News