आंध्र प्रदेश के इस शहर में मौजूद है ''जिन्ना टावर'', जिसे तिरंगे के रंग में रंगा गया- लंबे समय से चल रहा है विवाद
punjabkesari.in Wednesday, Feb 02, 2022 - 11:06 AM (IST)

नई दिल्ली: आंध्र प्रदेश में गुंटुर शहर के कोठापेट इलाके में मौजूद 'जिन्ना टावर' को लेकर एक नया विवाद पैदा हो गया है। दरअसल, इस टावर को अब तिरंगे के रंग में रंग दिया गया है। वहीं अब गुंटुर पूर्व के विधायक मोहम्मद मुस्तफा ने कहा है कि टावर के पास एक पोल लगाया जाएगा ताकि यहां राष्ट्रीय झंडा फहराया जा सके।
मुस्तफा ने कहा कि कई लोगों की सलाह के बाद टावर को तिरंगे के रंग में सजाने का फैसला लिया गया है। इससे पहले मुस्तफा मंगलवार को गुंटुर के मेयर कवाती मनोहर नायडू के साथ सुरक्षा प्रबंधों का जायजा लेने गुंटुर टावर पहुंचे थे। उन्होंने कहा कि कई मुस्लिम नेताओं ने स्वतंत्रता संग्राम के दौरान अंग्रेजों के खिलाफ लड़ाई लड़ी। आजादी मिलने के बाद कुछ मुसलमान देश छोड़कर पाकिस्तान में बस गए। लेकिन हम अपने देश में भारतीय के रूप में बने रहना चाहते थे और हम अपनी मातृभूमि से प्यार करते हैं।
बता दें कि जिन्ना टावर को लेकर विवाद पिछले हफ्ते सामने आया था जब गणतंत्र दिवस पर निषेधाज्ञा का उल्लंधन करते हुए मोहम्मद अली जिन्ना के नाम वाले टावर पर राष्ट्रीय ध्वज फहराने की कोशिश करने को लेकर तीन युवकों को हिरासत में ले लिया गया था।