भालू के हमले में परिवार के 5 सदस्य घायल, एक की हालत गंभीर

punjabkesari.in Tuesday, Oct 13, 2026 - 07:27 PM (IST)

नेशनल डेस्क : उत्तराखंड में चमोली जिले के जोशीमठ में मंगलवार तड़के भालू के हमले में एक परिवार के पांच सदस्य घायल हो गए। अधिकारियों ने यह जानकारी दी। वन विभाग के अधिकारियों के अनुसार हमले की यह वारदात मंगलवार तड़के तीन बजे के आसपास सिंहधार वार्ड में हुई, जो नंदा देवी राष्ट्रीय उद्यान वन प्रभाग के तहत आता है। राष्ट्रीय उद्यान की उप प्रभागीय वनाधिकारी (एसडीओ) सुमन भारती ने बताया कि भालू एक गाय को अपना शिकार बना रहा था। उन्होंने कहा कि गाय की आवाज सुनकर धूमना देवी नामक महिला बाहर आई तो भालू ने उस पर भी हमला बोल दिया, जिससे उसे खरोंचे आईं।

भारती ने कहा कि देवी को बचाने के लिए उसका बेटा बिंदेश (37) बाहर आया और वह भी भालू के हमले में घायल हो गया। इसी बीच, बिंदेश के तीन अन्य भाई बहन, संतोषी (26), धर्मेश और ओम प्रकाश भी घर से बाहर निकले और भालू के हमले में घायल हो गए। भारती ने बताया कि घायलों को जोशीमठ के सरकारी अस्पताल में प्राथमिक उपचार दिया गया जबकि बिंदेश और संतोषी को बेहतर उपचार के लिए उच्चतर स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया गया है।

भारती ने बताया कि घायलों के उपचार की व्यवस्था वन विभाग के खर्च और देखरेख में की जा रही है। उन्होंने बताया कि परिवार को वन विभाग की ओर से 15 हजार रुपये की सहायता दी गई है। भारती ने बताया कि क्षेत्र में भालू को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया जा रहा है जबकि एहतियातन बचाव के लिए वन विभाग की टीम प्रभावित इलाकों में गश्त कर रही है। वन अधिकारी ने बताया कि नगर के सभी संभावित स्थानों पर लोगों को भी जागरूक किया जा रहा है। पिछले एक दशक से जोशीमठ में भालुओं की समस्या बढ़ती जा रही है। बचे हुए खाने के लिए कचरे वाले स्थानों पर इनकी आवाजाही बढ़ रही है।

इस संबंध में भारती ने कहा कि इन दिनों मंडूआ और दलहन के साथ भालू की पसंदीदा लतावर्गीय फसलों की पैदावार के चलते उनका खेतों तक पहुंचना और लोगों के साथ आमना सामना होता रहता है। कचरे में पड़े बचे हुए खाने के लालच में भी शहरी इलाकों में इनकी गतिविधियां बढ़ी हैं। उन्होंने कहा कि भालू के हमले से बचाव के लिए जोशीमठ के हर वार्ड में जागरूकता कार्यक्रम चलाया जाएगा ताकि भालू से आमना-सामना होने पर लोग अपना बचाव कर सकें। उन्होंने बताया कि ऐसी घटना दोबारा न हो, इसके लिए ड्रोन से भी क्षेत्र की निगरानी की जा रही है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

News Editor

Parveen Kumar

Related News