'युवा लड़कियों के सपने को साकार करने में मदद करेगा WPL', हरमनप्रीत की पारी देख खुशी से झूम उठी नीता अंबानी

punjabkesari.in Sunday, Mar 05, 2023 - 08:23 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क: महिला प्रीमियर लीग (WPL) में मुंबई इंडियंस ने शनिवार को पहले मैच में गुजरात जायंट्स को 143 रनों से करारी शिकस्त दी। कप्तान हरमनप्रीत कौर की तेज तर्रार 65 रनों की पारी को देखकर मुंबई इंडियंस की मालकिन नीता अंबानी खुशी से झूम उठी। हरमनप्रीत कौर की पारी के बाद मुंबई के गेंदबाजों ने शानदार प्रदर्शन कर गुजरात जायंट्स को चारों खाने चित्त कर दिया और WPL का जीत के साथ आगाज किया।  

लड़कियों के सपने को साकार करने में मिलेगी मदद
जीत के बाद नीता अंबानी ने कहा, "यह एक शानदार दिन रहा है और मैच में महिलाओं के लिए एक यादगार लम्हा है। डब्ल्यूपीएल का हिस्सा बनना बहुत रोमांचकारी है। मुझे उम्मीद है कि यह देश भर की युवा लड़कियों को खेल अपनाने, अपने सपने को साकार करने में प्रेरित करेगा।"

जिस तरह से उन्होंने खेला है, मुझे उस पर बहुत गर्व
नीता अंबानी ने अनुभवी और युवा खिलाड़ियों के मुंबई के लिए आगे बढ़ने की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि, "मुंबई इंडियंस एक खास तरह की क्रिकेट खेलने के लिए जानी जाती है, निडर और रोमांचक। हमारी लड़कियों ने मैच में इतना अच्छा प्रदर्शन किया है। जिस तरह से उन्होंने खेला है, मुझे उस पर बहुत गर्व है।"

हमारी कप्तान हरमन ने क्या मैच खेला
नीता अंबानी कहा, "यह एक जबरदस्त प्रदर्शन था। हमारी कप्तान हरमन ने क्या मैच खेला। एमिलिया केर ने अच्छा खेल दिखाया, उनका प्रदर्शन भी बेहद अच्छा रहा।'' मुंबई इंडियंस की मालकिन ने डीवाई पाटिल स्टेडियम में बड़ी संख्या में मौजूद सभी प्रशंसकों का अभिनंदन स्वीकार किया और दर्शकों को देखकर काफी खुश नजर आई। 

मुंबई ने 143 रन की बड़ी जीत दर्ज की
बतातें चलें कि कप्तान हरमनप्रीत कौर की तेज तर्रार 65 रनों की पारी की बदौलत मुंबई ने गुजरात जायंट्स के सामने 207/5 के विशाल स्कोर लक्ष्य रखा। जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी गुजरात जायंट्स ने काफी निराशाजनक खेल दिखाया। मुंबई इंडियंस की गेंदबाजों ने गुजरात जायंट्स को बड़ी आसानी के साथ 15.1 ओवर में मात्र 64 रन पर रोक दिया। मुंबई ने 143 रन की शानदार जीत दर्ज की।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

rajesh kumar

Recommended News

Related News