अलवर महापौर चुनाव में हंगामा : पूर्व कांग्रेस जिलाध्यक्ष ने लगाए धांधली के आरोप
punjabkesari.in Monday, Sep 21, 2026 - 03:53 PM (IST)
अलवर : राजस्थान में अलवर में सोमवार को नगर निगम महापौर चुनाव के मतदान के दौरान एक प्रत्याशी के समर्थकों ने गड़बड़ी के आरोप लगाते हुए हंगामा किया। कांग्रेस के पूर्व जिलाध्यक्ष एवं कांग्रेस महापौर प्रत्याशी कमलेश शर्मा के पति योगेश मिश्रा ने चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी के गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के वरिष्ठ नेता के.जी. खंडेलवाल लंबे समय से मतदान केंद्र के अंदर बैठे हैं, जबकि उन्हें अपनी पत्नी के अधिकृत एजेंट होने के बावजूद अंदर जाने से रोका गया।
योगेश मिश्रा ने पत्रकारों से बातचीत में अपना एजेंट आई-काडर् दिखाते हुए कहा कि नियमों के अनुसार बूथ के अंदर केवल अधिकृत व्यक्ति और पार्षदों को ही प्रवेश की अनुमति होनी चाहिए। उनका आरोप है कि इसके बावजूद भाजपा नेता अंदर बैठे हैं और पार्षदों पर दबाव बनाया जा रहा है। उन्होंने इसे ‘बूथ कैप्चरिंग' करार देते हुए कहा कि प्रशासन और पुलिस भाजपा नेताओं के इशारे पर काम कर रहे हैं।
मिश्रा ने दावा किया कि कांग्रेस, निर्दलीय और भाजपा के बागी मिलाकर 40 से अधिक पार्षद उनके समर्थन में थे। उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा को अपने खिलाफ जा रहे इस समीकरण का डर था, जिसके चलते मतदान केंद्र के अंदर पार्षदों को प्रभावित करने का प्रयास किया जा रहा है।

