11 लाख लोग ले चुके हैं ''खेलो इंडिया'' को सफल बनाने की शपथ

punjabkesari.in Tuesday, Jan 30, 2018 - 05:07 PM (IST)

नई दिल्ली: केंद्र सरकार के खेलो इंडिया अभियान को सफल बनाने के लिए अब तक 11 लाख लोग शपथ ले चुके हैं। खेलो इंडिया अभियान के तहत पहले खेलो इंडिया स्कूल गेम्स का आयोजन 31 जनवरी से 8 फरवरी तक राष्ट्रीय राजधानी के पांच आयोजन स्थलों पर होगा। इसके तहत 16 खेलों में 3200 से अधिक खिलाड़ी हिस्सा लेंगे और 199 स्वर्ण पदकों के लिए प्रतिस्पर्धा करेंगे। 

खेलो इंडिया के माध्यम से सरकार कम उम्र में ही प्रतिभाओं को तलाशकर उन्हें अंतर्राष्ट्रीय मंच पर भारत के चैंपियन के तौर पर तैयार करना चाहती है। केंद्रीय खेल मंत्री राज्यवर्धन सिंह राठौर ने हाल में खेलो इंडिया शपथ को लांच किया था। इसके अलावा खेलो इंडिया गीत को अपने लांच के दो दिनों के भीतर 20 करोड़ लोगों द्वारा पसंद किया जा चुका है। 

खेल भावना को बनाए रखने का संदेश 
खेलो इंडिया शपथ को इन खेलों को सफल बनाने के उद्देश्य से शुरू किया गया था। खेलो इंडिया शपथ जैसे और जितना हो सके, लोगों को देश की खेल भावना को बनाए रखने और उसे बढ़ाने का संदेश देता है। यह उस क्रांतिकारी अभियान के प्रति भारत का शपथ है, जिसके तहत जमीनी स्तर से खिलाडिय़ों को चुनकर उन्हें विश्व स्तर पर चमकने के लिए तैयार किया जाएगा।