15 छक्के और 164 रन; इस खिलाड़ी ने खेली T20I इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी पारी
punjabkesari.in Monday, May 25, 2026 - 02:38 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क: ICC मेन्स T20 वर्ल्ड कप सब-रीजनल अफ्रीका क्वालीफायर ग्रुप-A 2026 में रवांडा के ओपनर हमजा खान ने ऐसा तूफानी प्रदर्शन किया, जिसने T20I क्रिकेट के रिकॉर्ड बुक्स हिला दिए।
28 वर्षीय हमजा खान ने आइवरी कोस्ट के खिलाफ सिर्फ 65 गेंदों में नाबाद 164 रन ठोक दिए। उनकी इस विस्फोटक पारी की बदौलत रवांडा ने 20 ओवर में 288/2 का विशाल स्कोर बनाया और फिर आइवरी कोस्ट को महज 17 रन पर समेटते हुए 271 रन से ऐतिहासिक जीत दर्ज की। यह रन अंतर के हिसाब से T20I इतिहास की तीसरी सबसे बड़ी जीत बन गई।
T20I इतिहास की दूसरी सबसे बड़ी पारी
हमजा खान अब T20 इंटरनेशनल क्रिकेट में दूसरी सबसे बड़ी व्यक्तिगत पारी खेलने वाले बल्लेबाज बन गए हैं। उन्होंने अफगानिस्तान के हजरतुल्लाह जजई का रिकॉर्ड तोड़ा, जिन्होंने 2019 में आयरलैंड के खिलाफ नाबाद 162 रन बनाए थे।
T20I इतिहास में सबसे बड़ा स्कोर अब भी ऑस्ट्रेलिया के पूर्व कप्तान आरोन फिंच के नाम है, जिन्होंने 2018 में जिम्बाब्वे के खिलाफ 172 रन बनाए थे। वहीं ओवरऑल T20 क्रिकेट में हमजा की 164* रन की पारी तीसरी सबसे बड़ी पारी बन गई। इस सूची में टॉप पर क्रिस गेल हैं, जिन्होंने IPL 2013 में RCB के लिए नाबाद 175 रन बनाए थे।
15 छक्कों से उड़ाए गेंदबाजों के होश
हमजा खान ने अपनी पारी में 15 छक्के और 9 चौके लगाए। शुरुआत से ही उन्होंने आक्रामक अंदाज अपनाया और चौथे ओवर में लगातार तीन छक्के जड़कर मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने सिर्फ 16 गेंदों में अर्धशतक पूरा किया और 41 गेंदों में अपना शतक ठोक दिया।
हमजा के साथ ओपनर डिडियर एनडिकुबविमाना ने भी शानदार बल्लेबाजी की। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 196 रन की साझेदारी हुई। डिडियर ने 45 गेंदों में 69 रन बनाए। आखिरी ओवरों में हमजा ने और तबाही मचाई और सिर्फ 58 गेंदों में 150 रन पूरे कर लिए।
आइवरी कोस्ट की बल्लेबाजी पूरी तरह फेल
289 रन के विशाल लक्ष्य का पीछा करने उतरी आइवरी कोस्ट की टीम शुरुआत से ही दबाव में दिखी। टीम के बल्लेबाज पूरे मैच में एक भी चौका नहीं लगा सके और 15.2 ओवर में सिर्फ 17 रन पर ऑलआउट हो गए।
पावरप्ले में टीम ने सिर्फ 7 रन बनाए और लगातार तीन मेडन ओवर भी खेले। बल्लेबाजों का अंदाज T20 नहीं बल्कि टेस्ट मैच जैसा नजर आया। आइवरी कोस्ट की ओर से विकेटकीपर बल्लेबाज ओउत्तारा इस्सौफ सबसे ज्यादा 5 रन बना सके।
गेंदबाजों ने भी बरपाया कहर
रवांडा के गेंदबाजों ने बल्लेबाजों के शानदार प्रदर्शन को और खास बना दिया। मोहम्मद नादिर और यवेस सियुसा ने तीन-तीन विकेट झटके। लगातार विकेट गिरने के कारण आइवरी कोस्ट की टीम कभी मुकाबले में लौट ही नहीं सकी।
हमजा का पहला T20I शतक बना ऐतिहासिक
हमजा खान ने अक्टूबर 2023 में नाइजीरिया के खिलाफ T20I डेब्यू किया था। यह उनके करियर का पहला T20I शतक था। इससे पहले उनका सर्वोच्च स्कोर 75 रन था, जो उन्होंने दिसंबर 2025 में सिएरा लियोन के खिलाफ बनाया था। लेकिन अब उन्होंने अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से पूरी दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है।

