19 साल की क्रिकेटर ने उठाया खौफनाक कदम, चयन न होने पर की आत्महत्या

punjabkesari.in Saturday, May 02, 2026 - 05:41 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क: पुडुचेरी में एक दर्दनाक घटना ने खेल जगत को झकझोर दिया है, जहां 19 वर्षीय उभरती महिला क्रिकेटर ने कथित तौर पर आत्महत्या कर ली। वह हाल ही में पुडुचेरी टी20 महिला टीम के ट्रायल में शामिल हुई थीं, लेकिन अंतिम चयन सूची में नाम न होने से बेहद निराश हो गईं। बताया जा रहा है कि यह झटका उनके लिए मानसिक रूप से बहुत भारी साबित हुआ।

वह पिछले दो वर्षों से अपने क्रिकेट करियर को आगे बढ़ाने के लिए किराए के घर में रह रही थीं और नियमित रूप से अभ्यास करती थीं। उनके परिवार और कोच को उनसे बड़ी उम्मीदें थीं, लेकिन इस असफलता ने उन्हें गहरे सदमे में डाल दिया।

कोच और मकान मालिक ने किया खुलासा

घटना का पता तब चला जब अभ्यास सत्र के बाद वह अपने कमरे में चली गईं और किसी से संपर्क नहीं किया। देर रात तक जवाब न मिलने पर उनके कोच ने चिंता जताई और उनके घर पहुंचे।

वहीं, मकान मालिक के साथ मिलकर कमरे की जांच करने पर यह दुखद दृश्य सामने आया। तुरंत उन्हें अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद स्थानीय खेल समुदाय में शोक और सदमे का माहौल है।

मानसिक दबाव बना बड़ी वजह

इस घटना ने एक बार फिर खिलाड़ियों पर बढ़ते मानसिक दबाव को उजागर किया है। चयन प्रक्रिया, प्रदर्शन का दबाव और भविष्य की अनिश्चितता युवा खिलाड़ियों के लिए बेहद चुनौतीपूर्ण बन जाती है।

विशेषज्ञों का मानना है कि घरेलू स्तर के खिलाड़ियों के पास अक्सर पर्याप्त मानसिक सहयोग और मार्गदर्शन की कमी होती है, जिससे ऐसे हालात और गंभीर हो सकते हैं।

खेल से जुड़ी पहचान और भावनात्मक असर

कई खिलाड़ियों के लिए खेल सिर्फ करियर नहीं, बल्कि उनकी पहचान बन जाता है। ऐसे में जब चयन नहीं होता या प्रदर्शन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहता, तो यह व्यक्तिगत असफलता जैसा महसूस होता है।

यदि समय पर भावनात्मक समर्थन और सही मार्गदर्शन न मिले, तो यह तनाव गंभीर मानसिक संकट का रूप ले सकता है। इस घटना ने खेल संगठनों को भी खिलाड़ियों के मानसिक स्वास्थ्य पर ध्यान देने की जरूरत का संदेश दिया है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News