2011 विश्व कप जीत के 10 साल पूरे : जानिए अब क्या करते हैं हमारे चैम्पियन खिलाड़ी

punjabkesari.in Friday, Apr 02, 2021 - 02:32 PM (IST)

जालन्धर (जसमीत) : विश्व कप में टीम इंडिया की जीत को एक दशक यानी 10 साल हो गए हैं। भारत ने महेंद्र सिंह धोनी की कप्तानी में 28 साल बाद विश्व कप में जीत हासिल की थी। श्रीलंका के खिलाफ खेले गए फाइनल मुकाबले में पहुंचने तक टीम इंडिया के सभी खिलाडिय़ों ने यादगार प्रदर्शन किए थे। जीत के एक दशक बाद आइए जानते हैं कि विश्व कप टीम का हिस्सा रहे खिलाड़ी, कोच आज-कल करते क्या हैं।


महेंद्र सिंह धोनी : भारत को बतौर कप्तान विश्व कप का खिताब दिलाने वाले धोनी अभी आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स के कप्तान हैं। वह 12 साल चेन्नई को प्लेऑफ में लेकर आने वाले कप्तान भी हैं।

वीरेंद्र सहवाग : विश्व कप में सहवाग उपकप्तान थे। उन्होंने ओपनिंग करते हुए 380 रन बनाए थे। वह अभी कॉमेंटेटर की भूमिका निभाते हैं। साथ ही साथ सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर क्रिकेट से जुड़े शो करते हैं।

सचिन तेंदुलकर : टूर्नामेंट में भारत के लिए 482 रन बनाने वाले सचिन इन दिनों सामाजिक कार्यों में व्यस्त है। हालांकि वह अभी भी क्रिकेट के प्रमोशन से जुड़ी लीग्स में हिस्सा लेते रहते हैं। वह अपने चैनल पर नए प्लेयरों को टिप्स भी देते हैं।

विराट कोहली : विश्व कप की जीत के वक्त कोहली 22 साल के थे। वह अब भारतीय टीम के कप्तान हैं। उनकी कप्तानी में टीम चैम्प्यिंस ट्रॉफी फाइनल, 2019 विश्व कप सेमिफाइनल में पहुंची। इसके अलावा ऑस्ट्रेलिया में 2018 और 2021 में ऐतिहासिक टेस्ट सीरीज भी जीती।

युवराज सिंह : मैन ऑफ द टूर्नामैंट रहे युवराज ने विश्व कप में 362 रन बनाने के साथ 15 विकेट भी ली थीं। वह चार बार मैन ऑफ द मैच रहे। युवराज आईपीएल ऑक्शन में सबसे महंगे भारतीय प्लेयर भी रह चुके हैं। वह इन दिनों कैंसर फांउडेशन से जुड़े हुए हैं। साथ ही साथ अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास लेकर ट्वंटी-20 लीग में हिस्सा ले रहे हैं।

सुरेश रैना : 2017 में रैना नैशनल टीम से बाहर हो गए। इस दौरान आईपीएल में उन्होंने चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से शानदार प्रदर्शन किया। आईपीएल में एक समय लीडिंग स्कोरर भी रहे। वह अभी भी चेन्नई की टीम के साथ हैं। वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं।

गौतम गंभीर  : भारतीय ओपनर ने विश्व कप फाइनल में शानदार 97 रन की पारी खेली थी। कई रिकॉर्ड बना बुके गंभीर अभी ईस्ट दिल्ली लोक सभा सीट से सांसद हैं।

रविचंद्रन अश्विन : स्पिनर अश्विन टेस्ट फॉर्मेट में सबसे तेज 300 विकेट हासिल करने वाले गेंदबाज हैं। उन्होंने आईपीएल में पंजाब की कप्तानी की। अभी वह दिल्ली कैपिटल्स में हैं।

पीयूष चावला : 2012 में आखिरी बार पीयूष टीम इंडिया के लिए खेले थे। इस दौरान वह आईपीएल में बिजी रहे। 150 से ज्यादा विकेट ले चुके हैं। वह इस साल मुंबई इंडियंस के लिए खेलेंगे।

हरभजन सिंह : 4 साल पहले भारतीय टीम के लिए अंतरराष्ट्रीय मैच खेले थे हरभजन। इस दौरान वह आईपीएल में मुंंबई  इंडियंस और चेन्नई सुपर किंग्स के साथ खेले। वह क्रिकेट कॉमेंट्री कर चुके हैं। इन दिनों कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ हैं।

जहीर खान : 2015 में जहीर ने क्रिकेट को अलविदा बोल दिया था। उन्होंने 2012 में टीम इंडिया के लिए आखिरी बार इंटरनेशनल क्रिकेट में हिस्सा लिया। विश्व कप के दौरान वह अपने पैनी गेंदबाजी के लिए चर्चा में रहे।

आशीष नेहरा : 2017 में नेहरा ने रिटायरमैंट ली। उनका करियर 20 से ज्यादा साल चला। विश्व कप में वह अहम गेंदबाज थे। टी-20 विश्व कप 2016 में यादगार भूमिका निभाई। वह आईपीएल में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु के बॉलिंग कोच रहे हैं।

यूसुफ पठान : बड़ौदा के पठान ने इसी साल अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट से संन्यास ले लिया। वह रोड सेफ्टी टी-20 लीग में इंडिया लीजेंड्स के लिए खेले। 2012 में आखिरी बार वह टीम इंडिया के लिए खेले। आईपीएल में वह कोलकाता नाइट राइडर्स और सनराइजर्स हैदराबाद के साथ जुड़े रहे। अभी वह बिजनेस की ओर ध्यान दे रहे हैं।

मुनाफ पटेल : विश्व कप में मुनाफ ने 11 विकेट ली थीं। चोटों के कारण मुनाफ 2011 में ही भारतीय टीम के साथ आखिरी मैच खेल पाए थे। वह क्रिकेट से संन्यास ले चुके हैं। उन्होंने टी-10 लीग में हिस्सा लिया। अभी वह बॉलिंग कोच की भूमिका निभा रहे हैं।

श्रीसंथ : 2013 में आईपीएल स्पॉट फिक्सिंग में पकड़े गए श्रीसंथ भले ही अदालत की ओर से बरी हो गए लेकिन वह टीम इंडिया की ओर से खेल नहीं पाए। वह इस दौरान फिल्मी दुनिया से जुटे रहे। अब वह दोबारा आईपीएल में खेलने का सपना संजोए बैठे हैं।


सपोटर्् स्टाफ

गैरी कस्र्टन : विश्व कप विजेता टीम को कोचिंग देने वाले गैरी कस्र्टन आईपीएल, बीबीएल में टीमों को कोचिंग दे चुके हैं। अभी बीते साल ही पाकिस्तान टीम ने उन्हें कोचिंग के लिए अप्रोच किया था। 

एरिक सिमंस : साऊथ अफ्रीकी क्रिकेटर ने भारतीय गेंदबाजों को नई धार दी थी। वह आईपीएल के अलावा दुनिया की विभिन्न क्रिकेट फ्रेंचाइजी के साथ जुड़े रहे हैं।

पैडी अप्टन : मेंटल हैल्थ फिटनेस कोच पैडी दक्षिण अफ्रीकी टीम से भी जुड़े रहे। उन्होंने राजस्थान रॉयल्स और दिल्ली कैपिटल्स को भी कोचिंग दी। वह बिग बैश लीग के दौरान भी कोच की भूमिका में नजर आए।

नितिन पटेल : फिजियो नितिन पटेल को विश्व कप 2011 से ठीक तीन दिन पहले चार्ज मिला था। लेकिन उन्होंने खिलाडिय़ों की फिटनेस में अहम रोल अदा किया। वह कई साल टीम इंडिया के फिजियो रहे।

रामजी श्रीनिवासन : स्ट्रैंथ और कंडीशनिंग कोच रहे श्रीनिवासन अब अपनी अकादमी चलाते हैं। वह हाई परफार्मेंस कोच हैं।

माइक हॉर्न : मोटिवेशनल कोच माइक भी विश्व कप से पहले टीम इंडिया के साथ जुड़े थे। वह विश्व कप 2014 में जर्मन फुटबॉल टीम और आईपीएल में कोलकाता नाइट राइडर्स के साथ काम कर चुके हैं। वह अभी भी अपने पेशे से जुड़े हुए हैं।
 

Content Editor

Jasmer Malik