28 अगस्त Sport's Wrap Up : पढ़ें दिन भर की 10 बड़ी खबरें

punjabkesari.in Tuesday, Aug 28, 2018 - 08:26 PM (IST)

स्पोर्ट्स डैस्क : जकार्ता में चल रही एशियन गेम्स में भारत ने पदकों की फिफ्टी लगा ली है। एथलैटिक्स में भारत के खिलाडिय़ों का शानदार प्रदर्शन जारी है। 800 मीटर रेस में जहां मनजीत सिंह ने गोल्ड जीतकर भारत का सिर ऊंचा किया तो वहीं, पीवी सिंधू ने बैडमिंटन एकल वर्ग में सिल्वर मैडल जीता। भारत की ही साइना नेहवाल ने इस इवैंट में ब्रॉन्ज मैडल जीता। पंजाब केसरी स्पोट्र्स डेस्क आपके लिए लाए हैं ऐसी खबरें जो आप अपने व्यस्त शैड्यूल के चलते मिस कर जाते हैं। इस न्यूज बुलेटिन में हम आपको खेल जगत से जुड़ीं अब तक की बड़ी खबरों से रूबरू करवाने जा रहे हैं। पढि़ए एक क्लिक में-

सरकारी नाैकरी पाकर भी नाखुश है 'सिल्वर' विजेता सुधा, जानें क्या है कारण

इंडोनेशिया में आयोजित एशियाई खेलों की स्‍टीपलचेज स्‍पद्र्धा में रजत पदक जीतकर देश का नाम रोशन करने वाली एथलीट सुधा सिंह ने राजपत्रित अधिकारी की नौकरी देने की उत्‍तर प्रदेश सरकार की घोषणा को ‘देर आयद, दुरुस्‍त आयद’ करार देते हुए कहा कि उन्‍हें यह नौकरी बहुत पहले ही मिल जानी चाहिये थी।  उत्‍तर प्रदेश के रायबरेली जिले की रहने वाली सुधा ने इंडोनेशिया से टेलीफोन पर बातचीत में कहा कि वह राज्‍य सरकार की नौकरी की पेशकश से खुश भी हैं, और नहीं भी। नौकरी के लिये उनकी फाइल वर्ष 2014 से ही शासन में घूम रही है। राज्‍य सरकार की पेशकश एक तरह से ‘देर आयद, दुरुस्‍त आयद’ जैसा है।  

हारकर भी सिंधू ने रचा इतिहास, 'सिल्वर' जीतने वाली पहली भारतीय बनीं

ओलंपिक सिल्वर पदक विजेता पी वी सिंधू को एक बार फिर फाइनल में पराजय का सामना करना पड़ा। लेकिन एशियाई खेलों के फाइनल में दुनिया की नंबर एक खिलाड़ी ताइ जू यिंग से हारकर भी उसने भारत के लिए बैडमिंटन एकल में पहला रजत जीतने का रिकार्ड अपने नाम कर लिया। अभी तक एशियाई खेलों के एकल फाइनल में कोई भारतीय नहीं पहुंचा है। सिंधू को 34 मिनट तक चले मुकाबले में चीनी ताइपै की खिलाड़ी ने 21.13, 21.16 से हराया। भारत ने पहली बार एशियाई खेलों में बैडमिंटन में दो एकल पदक जीते हैं। साइना को सेमीफाइनल में ताइ ने ही हराया था। सिंधू इससे पहले गोल्ड कोस्ट राष्ट्रमंडल खेलों के फाइनल में साइना से हारी थी जबकि विश्व चैम्पियनशिप के फाइनल में उसे स्पेन की कैरोलिना मारिन ने मात दी थी।

Asian Games: 200 मीटर रेस के फाइनल में पहुंची दूती चंद, हिमा दास हुईं डिसक्वालिफाई

भारत के लिए 18वें एशियाई खेलों में एथलेटिक्स की महिलाओं की 200 मीटर स्पर्धा में मंगलवार को खुशी और सदमे का दिन रहा। 100 मीटर की रजत विजेता दुती चंद ने अपनी सेमीफाइनल रेस में शीर्ष स्थान हासिल कर फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया जबकि 400 मीटर की रजत विजेता हिमा दास फाल्स स्टार्ट के कारण अयोग्य करार दे दी गयीं। महिलाओं की 200 मीटर दौड़ के सेमीफाइनल में सनसनीखेज परिणाम देखने को मिले। 100 मीटर में फोटो फिनिश में रजत हासिल करने वाली दुती ने 200 मीटर में फोटो फिनिश में ही अपनी सेमीफाइनल हीट में पहला स्थान हासिल किया। दुती ने 23.00 सेकंड का समय लिया जबकि 100 मीटर की स्वर्ण विजेता बहरीन की एडिडियोंग ओडियोंग 23.01 सेकंड का समय लेकर दूसरे स्थान पर रहीं।  

एशियन गेम्स : मनजीत सिंह ने 800 मीटर में जीता गोल्ड, जॉनसन ने सिल्वर

भारत के मंजीत सिंह और जिनसन जॉनसन ने 18वें एशियाई खेलों की एथलेटिक्स प्रतियोगिता की पुरुषों की 800 मीटर दौड़ में कमाल का प्रदर्शन करते हुए देश को स्वर्ण और रजत पदक दिला दिए जबकि 100 मीटर की रजत विजेता दुती चंद ने 200 मीटर फाइनल के लिए क्वालीफाई कर लिया लेकिन 400 मीटर की रजत विजेता हिमा दास फाल्स स्टार्ट के कारण अयोग्य घोषित की गईं। मंजीत ने आखिरी 25 मीटर में गजब का फर्राटा लगाया और चार एथलीटों को पीछे छोड़ते हुए स्वर्ण पदक जीत लिया। जॉनसन ने भी अंतिम मीटर में तेजी दिखाई और फोटो फिनिश में रजत पदक ले उड़े। 28 वर्षीय मंजीत का यह पहला एशियाई खेल स्वर्ण पदक है। 

कुराश वीमैंस : पिंकी बल्हारा ने जीता सिल्वर, मालाप्रभा को कांस्य

 

भारत की पिंकी बलहारा ने 18वें एशियाई खेलों की कुराश प्रतियोगिता के महिलाओं के 52 किग्रा वर्ग में रजत पदक जीत लिया जबकि मालाप्रभा यलप्पा जाधव को 52 किग्रा वर्ग के सेमीफाइनल में हारने के बाद कांस्य मिला। पारंपरिक मार्शल आर्ट के इस खेल में पिंकी बलहारा ने लगातार शानदार प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक मुकाबले में जगह बना ली जहां उनका सामना उज्बेकिस्तान की गुलनोर सुलेमानोवा से हुआ। कुराश उज्बेकिस्तान का पारंपरिक मार्शल आट््र्स खेल है और सुलेमानोवा ने अपने अनुभव का पूरा फायदा उठाते हुए पिंकी को 10-0 से हराकर स्वर्ण पदक जीत लिया। पिंकी को रजत से संतोष करना पड़ा।

Asian Games: भारतीय हाॅकी टीम ने श्रीलंका को 20-0 से दी करारी हार

भारतीय मैंस हॉकी टीम ने श्रीलंका को 20-0 से पीटकर पांचवीं जीत हासिल कर ली है। गत चैम्पियन भारत ने 18वें एशियाई खेलों की पुरूष हॉकी प्रतियोगिता में गोलों की बरसात करने का अपना सिलसिला जारी रखते हुए असहाय श्रीलंका को पूल ए के मुकाबले में मंगलवार को 20-0 के बड़े अंतर से हराया। भारत की यह पांचवीं जीत है। और वह 15 अंकों के साथ पूल में शीर्ष पर बना हुआ है। भारत का वीरवार को होने वाले सैमीफाइनल में पूल बी की दूसरे नंबर की टीम से मुकाबला होगा जो पाकिस्तान और मलेशिया में से कोई हो सकती है।

पढ़ाई से बचने के लिए भागने की आदत ने बनाया एथलीट: सुधा
इंडोनेशिया में चल रहे 18वें एशियाई खेलों में रजत पदक जीतने वाली उत्तर प्रदेश के एक छोटे से गांव की एथलीट सुधा सिंह ने कहा है कि पढ़ाई से बचकर भागने की आदत ने उन्हें एथलीट बना दिया। महिलाओं की 3000 मीटर स्टीपलचेका स्पर्धा में रजत पदक जीतने वाली सुधा ने मंगलवार को यहां टेलीफोन पर बातचीत में कहा, ''मैं तो सबको पीछे करने का लक्ष्य लेकर दौड़ती हूं। मैडल मिलेगा या नहीं इस बात पर ध्यान नहीं रहता है।'' उन्होंने कहा कि बचपन से ही उनका मन पढ़ाई से ज्यादा खेलों में लगता था। गांव में बच्चों से रेस लगाना, पत्थर फेंकना, पेड़ों से कूदना उन्हें पसंद था। इस आदत से कभी-कभी तो घर में सब परेशान हो जाते थे, फिर भी वे उन्हें खेलों में बढ़ावा देते थे।

​​​​​एशियन गेम्स से हटे लिएंडर पेस डेविस कप से भी हुए बाहर

एशियाई खेलों से अंतिम समय में भारतीय टीम से हटने वाले अनुभवी खिलाड़ी 45 साल के लिएंडर पेस को भारतीय डेविस कप टीम में शामिल नहीं किया गया है। पेस गत अप्रैल में चीन के खिलाफ एशिया-ओसनिया जोन ग्रुप ए के दूसरे राउंड में 3-2 से जीत दर्ज करने वाली भारतीय टीम में शामिल थे लेकिन सर्बिया के खिलाफ 14 से 16 सितंबर तक होने वाले विश्व ग्रुप प्ले ऑफ मुकाबले में उन्हें जगह नहीं दी गयी। देश और डेविस कप के सबसे अनुभवी खिलाड़ी पेस ने इंडोनेशिया के जकार्ता में चल रहे 18वें एशियाई खेलों में मनपसंद जोड़ीदार न मिलने पर नाराजगी व्यक्त करते हुए अंतिम समय में खुद को एशियाई खेलों से हटा लिया था।

4x400 मीटर रिले रेस में भारत को मिला सिल्वर
एथलेटिक्स में भारतीय खिलाडिय़ों का पदक जीतने का सिलसिला जारी है। इसी क्रम में भारतीय दौड़ाकों ने 4गुणा400 मीटर रिले रेस में भारत को सिल्वर मैडल दिला दिया है। भारत के दौड़ाकों ने 3.15.71 मिनट में रेस पूरी की सिल्वर जीता। भारत की ओर से इस मिक्स इवैंट में मोहम्मद अनस, राजू, हिमा दास और राजीव ओरिकिया ने हिस्सा लिया था। रेस में पहले नंबर पर बहरीन के खिलाड़ी रहे तो वहीं तीसरे स्थान पर कजाकिस्तान के।

अफरीदी ने किया खुलासा- उन्हें बूम-बूम नाम किस भारतीय प्लेयर ने दिया था

पाकिस्तान के धाकड़ बल्लेबाज शाहिद अफरीदी आज भी दुनिया के खतरनाक बल्लेबाजों में से एक है। इसका एक सबूत वनडे और ट्वंटी-20 क्रिकेट में उनकी 100 से ज्यादा की स्ट्राइक रेट भी है। वनडे क्रिकेट में जहां अफरीदी ने 398 मैचों में 117 तो ट्वंटी-20 के 275 मैचों में 156 की स्ट्राइक रेट से कूटे हैं। वहीं, सबसे तेज शतक लगाने का रिकॉर्ड उनके नाम 17 साल तक भी रहा था। हालांकि बूम-बूम  नाम आया कहां से इस बाबत किसी भी क्रिकेट फैंस को पता नहीं था। लेकिन अब अफरीदी ने अपने एक फैंस के सवाल का जवाब देते हुए बताया कि खुद ही बताया है कि उन्हें यह नाम एक भारतीय क्रिकेटर ने दिया था। 

 

Jasmeet