टोक्यो ओलंपिक के हॉकी पैनल में 3 भारतीय अधिकारी

punjabkesari.in Wednesday, Sep 11, 2019 - 08:20 PM (IST)

लुसाने : अंतरराष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) ने बुधवार को टोक्यो ओलंपिक-2020 के लिए अपने अधिकारियों की सूची जारी कर दी जिसमें पुरूष अंपायर पैनल में दो भारतीय तथा मेडिकल टीम में एक भारतीय अधिकारी को शामिल किया गया। एफआईएच ने तय मानकों और प्रक्रिया के बाद अपने प्रो लीग पैनल से सभी शीर्ष स्तर के अधिकारियों को टोक्यो ओलंपिक के लिये नियुक्त किया है। सभी पदों पर नियुक्ति अधिकारियों के प्रदर्शन के आधार पर की गयी है लेकिन साथ ही सभी महाद्वीपों के प्रतिनिधित्व को भी सुनिश्चित किया गया है।

वैश्विक संस्था ने बराबरी की अपनी नीति पर काम करते हुये सभी तकनीकी अधिकारियों को पुरूष और महिला दोनों वर्गों के लिये नियुक्त किया गया है, हालांकि पुरूष और महिला मैदानी अंपायर अपने अपने वर्गों के अनुसार ही मैचों में उतरेंगे, लेकिन वीडियो अंपायर में यह अलग हो सकता है। एफआईएच के पुरूष अंपायर पैनल में कुल 14 अधिकारी शामिल हैं जिनमें दो भारत से हैं। इस एलीट पैनल में जगह बनाने वाले दो भारतीय अंपायर रघु प्रसाद और जावेद शेख हैं। हालांकि महिला अंपायर के पैनल में किसी भारतीय को जगह नहीं मिली है। इसके अलावा ओलंपिक खेलों के लिये तीन मेडिकल अधिकारियों के समूह में एक भारतीय विभू नायक हैं। दो अन्य मेडिकल अधिकारी दक्षिण अफ्रीका के लेह गाडर्न और जर्मनी के उडो रोले हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Sanjeev

Recommended News

Related News