खेलो इंडिया स्कूल खेलों में हिस्सा लेंगे 3298 खिलाड़ी

punjabkesari.in Monday, Jan 22, 2018 - 06:47 PM (IST)

नई दिल्ली: विश्व जूनियर चैंपियन निशानेबाज अनीष भानवाला और विश्व युवा भारोत्तोलन चैंपियनशिप के रजत पदक विजेता जेरेमी लालरिनुंगा सहित 3298 खिलाड़ी 31 जनवरी से शुरू होने वाले पहले खेलो इंडिया स्कूल खेलों (केआईएसजी) में हिस्सा लेंगे। विज्ञप्ति के अनुसार खेलो इंडिया स्कूल खेलों की आयोजन समिति को अब तक 3298 नामांकन मिले हैं। 

                    अनीष भानवाला


पंद्रह साल के अनीष ने पिछले साल जुलाई में जर्मनी में आईएसएसएफ जूनियर विश्व कप चैंपियनशिप की 25 मीटर स्टैंडर्ड पिस्टल स्पर्धा में स्वर्ण पदक जीता था। पंद्रह साल के मिजोरम के जेरेमी पिछले साल अप्रैल में बैंकाक में अंतरराष्ट्रीय भारोत्तोलन महासंघ की विश्व जूनियर चैंपियनशिप में रजत पदक हासिल किया था। आंध्र प्रदेश के तीरंदाज बोमादेवारा धीरज भी इन खेलों में हिस्सा लेंगे। उन्होंने भारतीय स्कूल खेल महासंघ की राष्ट्रीय प्रतियोगिता में पांच स्वर्ण पदक जीतने से पहले युवा ओलंपिक खेलों के लिए एशिया महाद्वीपीय क्वालीफाइंग प्रतियोगिता में रजत पदक भी जीता था।         

यह खेल शामिल
खेलो इंडिया स्कूल खेलों में तीरंदाजी, एथलेटिक्स, बैडमिंटन, मुक्केबाजी, जिम्नास्टिक, जूडो, निशानेबाजी, तैराकी, भारोत्तोलन और कुश्ती की व्यक्तिगत स्पर्धाएं जबकि बास्केटबाल, फुटबाल, हाकी, कबड्डी, खो-खो और वालीबाल की टीम स्पर्धाएं होंगी। 

दिल्ली से सबसे ज्यादा खिलाड़ी
सबसे ज्यादा 341 खिलाडिय़ों की पुष्टि दिल्ली ने की है। मुंबई के 321 खिलाड़ी होंगे। हरियाणा सबसे अधिक 350 खिलाड़ी उतारेगा लेकिन उसने अभी नामांकन को अंतिम रूप नहीं दिया है। खेल इंडिया स्कूल खेलों में 197 स्वर्ण पदक दांव पर लगे होंगे। एथलेटिक्स में सबसे अधिक 640 लड़के और लड़कियां 36 स्वर्ण पदक के लिए चुनौती पेश करेंगे। तैराकी में 35 स्वर्ण पदक के लिए 592 प्रतिभागियों का दावा होगा।