महान क्रिकेटर की कोहली को सलाह- वर्ल्ड कप जीतना है तो धोनी को टीम में रखो

punjabkesari.in Tuesday, Oct 30, 2018 - 02:45 PM (IST)

नई दिल्लीः  विकेटकीपर महेंद्र सिंह धोनी को विंडीज आैर आॅस्ट्रेलिया के खिलाफ आगामी टी20 सीरीज से बाहर कर दिया गया। इसी के साथ अटकलें लगने लगीं कि अब धोनी का क्रिकेट करियर अंतिम पड़ाव पर आ चुका है आैर वह जल्द ही क्रिकेट से संन्यास ले सकते हैं। लेकिन भारत के महान क्रिकेटर रहे सुनील गावस्कर का मानना है कि धोनी का 2019 विश्व कप में खेलना बेहद जरूरी है, क्योंकि विराट कोहली को उनकी जरूरत है। 

कप्तान रहे गावस्कर ने कहा कि बल्लेबाजी के अलावा कई खासियत के चलते विश्व कप के लिए जा रही टीम इंडिया में धोनी का कोई विकल्प नहीं हो सकता। गावस्कर ने साथ ही कहा कि धोनी का कोहली को बहुत फायदा मिलेगा। धोनी भले ही बल्ले से संघर्ष कर रहे हों, लेकिन उनमें अन्य कई गुण हैं। इसलिए उन्हें 2019 विश्व कप में जरूर खेलना चाहिए। 

कोहली को जरूरत पड़ेगी

गावस्कर ने कहा, "विराट को धोनी की जरूरत पड़ेगी। इसमें कोई शक नहीं। 50 ओवर के खेल में काफी समय होता है, जब आपको एमएसडी की जरूरत होती है। आपको पता है कि वह फील्ड की जमावट पर नजर रखते हैं, खिलाड़ियों से हिंदी में बात करके बताते हैं कि कहां और कैसs गेंद फेंकनी है। यह विराट के लिए बड़ा फायदा है।"

पिछले काफी समय से धोनी दबाव की स्थिति में खेल नहीं पा रहे हैं। वह टीम के लिए मैच समाप्त नहीं कर पा रहे हैं और काफी धीमी बल्लेबाजी भी कर रहे हैं। पिछली 13 पारियों में माही ने केवल 25 की औसत से रन बनाए हैं, जो 2004 में डेब्यू के बाद से सबसे कम है। उनका स्ट्राइक रेट भी 71.42 का सबसे कम है। 

Rahul