हाॅकी इंडिया ने नमिता टोप्पो को 150वां अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने पर बधाई दी

punjabkesari.in Saturday, Jul 21, 2018 - 08:18 PM (IST)

लंदनः हाॅकी इंडिया ने मध्यपंक्ति की महिला खिलाड़ी नमिता टोप्पो को देश के लिए 150 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने पर आज बधाई दी। टोप्पो ने यह उपलब्धि आज विश्व कप में भारत के इंग्लैंड के खिलाफ मैच में पूरी की। ओडिशा की इस 23 वर्षीय खिलाड़ी ने 2012 में डबलिन में चैम्पियंस चैलेंज में सीनियर टीम के लिए पदार्पण किया था।            

हाॅकी इंडिया के महासचिव मोहम्मद मुश्ताक अहमद ने कहा , ‘‘ मैं नमिता को भारत के लिए 150 अंतरराष्ट्रीय मैच खेलने पर बधाई देना चाहूंगा। वह ऐसी खिलाड़ी है जो भारत को मिडफील्ड में स्थिरता प्रदान करती है। वह टीम को रक्षात्मक स्थिति से तेजी से हमला करने में मदद करती है। ’’  नमिता उस टीम का हिस्सा थी जिसने 2013 में नयी दिल्ली में एफआईएच विश्व लीग राउंड दो में स्वर्ण पदक अपने नाम किया था। वह 2013 में ही तीसरी एशियाई चैम्पियंस ट्राफी में रजत पदक जीतने वाली भारतीय टीम की सदस्य थी।           

उन्होंने एशियाई खेलों, राष्ट्रमंडल खेलों और एशिया कप में भी भारतीय टीम का प्रतिनिधित्व किया है। टोप्पो ने कहा , ‘‘ मुझे 150 मैच में देश का प्रतिनिधित्व करने पर फख्र है। मेरे लिये यह सिर्फ शुरूआत है क्योंकि मैं काफी युवा हूं। मैं देश के लिए और मैच खेलना चाहती हूं। ’’ उन्होंने कहा , ‘‘ भारत में महिला हाकी के लिए यह अच्छा दौर है। हमारे लिए अच्छा प्रदर्शन करना और ट्राफी जीतते रहना जरूरी है ताकि प्रशंसकों को टीम पर गर्व हो सके। ’’     

Rahul