हॉकी वर्ल्ड कप से पहले कप्तान हरमनप्रीत का बड़ा एलान, 51 साल का इंतजार खत्म करने का लक्ष्य
punjabkesari.in Wednesday, Jul 22, 2026 - 02:56 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय पुरुष हॉकी टीम के कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने एफआईएच हॉकी वर्ल्ड कप 2026 से पहले बड़ा बयान देते हुए कहा है कि टीम 51 साल से चले आ रहे वर्ल्ड कप खिताब के इंतजार को खत्म करने के इरादे से मैदान में उतरेगी। हरमनप्रीत दूसरी बार विश्व कप में भारत की कप्तानी करेंगे और उन्हें भरोसा है कि मौजूदा टीम इतिहास रचने का दम रखती है।
51 साल बाद फिर इतिहास रचने का लक्ष्य
भारत ने हॉकी वर्ल्ड कप के शुरुआती तीन संस्करणों में 1971 में कांस्य, 1973 में रजत और 1975 में स्वर्ण पदक जीता था। इसके बाद से भारतीय टीम एक भी वर्ल्ड कप पदक नहीं जीत सकी है। 1975 में अजीत पाल सिंह की कप्तानी में मिली खिताबी जीत अब भी भारत का इकलौता विश्व कप खिताब है। हरमनप्रीत ने कहा कि टोक्यो ओलंपिक 2021 में 41 साल बाद कांस्य और पेरिस ओलंपिक 2024 में लगातार दूसरा कांस्य जीतने से टीम का आत्मविश्वास बढ़ा है। अब लक्ष्य वर्ल्ड कप जीतकर नया इतिहास रचना है।
'समर्थन बनाए रखें, हम पूरा दम लगाएंगे'
हरमनप्रीत ने कहा, 'टोक्यो ओलंपिक में 41 साल बाद पदक जीतने से हमें विश्वास मिला। अब वर्ल्ड कप जीते 50 साल से ज्यादा हो चुके हैं। समय आ गया है कि इस लंबे इंतजार को खत्म करें। आप हमारा समर्थन करते रहें, हम मैदान पर अपना सर्वश्रेष्ठ देंगे।'
पूल-डी में इंग्लैंड, पाकिस्तान और वेल्स से मुकाबला
भारत को वर्ल्ड कप में पूल-डी में रखा गया है, जहां उसका सामना इंग्लैंड, पाकिस्तान और वेल्स से होगा। भारतीय टीम अपने अभियान की शुरुआत 15 अगस्त को वेल्स के खिलाफ करेगी।
प्रो लीग से मिला आत्मविश्वास
हरमनप्रीत ने कहा कि एफआईएच प्रो लीग के अंतिम चरण में टीम के प्रदर्शन ने काफी आत्मविश्वास दिया है। मुख्य कोच क्रेग फुल्टन ने पूरे सीजन में 33 खिलाड़ियों को मौका देकर टीम की गहराई पर काम किया है। उन्होंने कहा कि विश्व कप जैसे बड़े टूर्नामेंट में निरंतर अच्छा प्रदर्शन करना, गलतियों से बचना और हर मैच में सुधार करना बेहद जरूरी होगा।
'डी' में बेहतर प्रदर्शन होगा जीत की कुंजी
भारतीय कप्तान का मानना है कि वर्ल्ड कप में सफलता के लिए स्ट्राइकिंग सर्कल यानी 'डी' के अंदर आक्रामक और रक्षात्मक दोनों खेल में सुधार सबसे अहम होगा। उन्होंने कहा कि टीम का फोकस पेनल्टी कॉर्नर, सर्कल एंट्री, सेट पीस और गोल करने के हर मौके का पूरा फायदा उठाने पर रहेगा।
पाकिस्तान मैच पर भी बोले हरमनप्रीत
भारत पिछले 10 वर्षों से पाकिस्तान के खिलाफ नहीं हारा है। इस हाई-वोल्टेज मुकाबले को लेकर हरमनप्रीत ने कहा कि टीम को भावनाओं पर नियंत्रण रखते हुए स्मार्ट हॉकी खेलनी होगी। उन्होंने कहा, 'हर कोई पाकिस्तान के खिलाफ मैच को लेकर उत्साहित है, लेकिन हमें सिर्फ उसी मैच पर नहीं बल्कि वेल्स, इंग्लैंड और पाकिस्तान तीनों मुकाबलों पर बराबर फोकस करना होगा। पहले मिनट से ही विपक्षी टीम पर दबाव बनाना और मिले मौकों को गोल में बदलना हमारी प्राथमिकता होगी।'

