पूर्व क्रिकेटर अजय जडेजा ने रातों-रात विराट कोहली को पछाड़ा, बने भारत के सबसे अमीर खिलाड़ी

punjabkesari.in Monday, Oct 14, 2024 - 05:27 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और स्टार बल्लेबाज विराट कोहली भारत के सबसे अमीर खिलाड़ी हैं। हालांकि रातों-रात पूर्व भारतीय क्रिकेटर अजय जडेजा ने दिल्ली में जन्मे बल्लेबाज को पछाड़कर भारत के सबसे अमीर खिलाड़ी बन गए हैं।

हाल ही में, पूर्व भारतीय क्रिकेटर अजय जडेजा को जामनगर रॉयल सिंहासन का उत्तराधिकारी घोषित किया गया और 53 साल की उम्र में पूर्व भारतीय क्रिकेटर जडेजा ने अब नेटवर्थ के मामले में सुपरस्टार भारतीय क्रिकेटर विराट कोहली को पीछे छोड़ दिया है।

12 अक्टूबर को दशहरा के भव्य अवसर पर अजय जडेजा के चाचा महाराजा शत्रुसल्यसिंह जडेजा ने 53 वर्षीय को शाही सिंहासन का उत्तराधिकारी घोषित किया। शत्रुसल्यसिंह जडेजा ने 3 फरवरी 1966 को अपने पिता के निधन के बाद राजगद्दी संभाली। अब, 2024 में अजय जडेजा परिवार की विरासत को आगे बढ़ाने के लिए तैयार हैं। 

इस बीच रातों-रात शाही गद्दी पर चढ़ जाने के परिणामस्वरूप अजय जडेजा अब भारत के सबसे अमीर खिलाड़ी के रूप में पूर्व भारतीय कप्तान विराट कोहली से आगे निकल गए हैं। जडेजा, जो भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व खिलाड़ी हैं, अपनी कमेंट्री से, खासकर इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) के दौरान, अच्छी खासी कमाई करते हैं। अब शाही संपत्ति के साथ अजय जडेजा की कुल संपत्ति अब ₹1,450 करोड़ बताई जाती है, जो विराट कोहली की कुल संपत्ति ₹1,000 करोड़ से अधिक है।

कौन हैं अजय जडेजा 

अजय जडेजा का जन्म वर्ष 1971 में गुजरात के जामनगर में हुआ था। उनका जन्म नवानगर के एक शाही परिवार में हुआ था। जडेजा ने फरवरी 1992 में श्रीलंका के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला में भारतीय टीम में पदार्पण किया। उन्होंने उसी वर्ष बाद में दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में भी पदार्पण किया। जडेजा ने टीम इंडिया के लिए कुल 15 टेस्ट मैच और 196 एकदिवसीय मैच खेले। वे बेहतरीन फील्डिंग कौशल के लिए प्रसिद्ध हैं और उन्हें आज भी 25 गेंदों पर 45 रनों की शानदार पारी के लिए जाना जाता है, जिसमें 1996 विश्व कप क्वार्टर फाइनल में वकार यूनिस के अंतिम दो ओवरों में बनाए गए 40 रन शामिल हैं।

यह कोई परीकथा नहीं थी क्योंकि मैच फिक्सिंग कांड में शामिल होने के बाद जडेजा का करियर खत्म हो गया। बीसीसीआई ने वर्ष 2000 में जडेजा पर आजीवन प्रतिबंध लगा दिया था जिसे बाद में बोर्ड ने घटाकर पांच साल कर दिया था। हालांकि, 2003 में दिल्ली ने प्रतिबंध पूरी तरह हटा लिया लेकिन जडेजा भारतीय टीम के लिए आगे नहीं खेले। जडेजा ने दिल्ली क्रिकेट टीम के कोच के रूप में भी काम किया है और वर्ष 2000 के आसपास कई बॉलीवुड फिल्मों में काम किया है। वह डांस रियलिटी शो झलक दिखला जा में भी एक प्रतियोगी के रूप में शामिल हुए थे। वह हाल ही में एक कमेंटेटर के रूप में काम कर रहे हैं। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News