विश्व कप फाइनल : ओलंपिक में लचर प्रदर्शन के बाद सभी की निगाहें दीपिका और दास पर

punjabkesari.in Wednesday, Sep 29, 2021 - 08:34 PM (IST)

यांकटन : भारतीय तीरंदाजी युगल दीपिका कुमारी और अतनु दास तोक्यो ओलंपिक के निराशाजनक प्रदर्शन को भुलाकर गुरुवार से यहां शुरू हो रहे विश्व कप फाइनल में नए सिरे से शुरुआत करने के लिए उतरेंगे। दीपिका और दास इस दो दिवसीय प्रतियोगिता से वापसी भी करेंगे। वह इसी स्थान पर संपन्न हुए विश्व चैंपियनशिप के लिए भारतीय टीम में जगह नहीं बना पाए थे। इसके बाद इन दोनों ने भारतीय खेल प्राधिकरण (साइ) के कोलकाता परिसर में अभ्यास किया। भारतीय तीरंदाज अन्य प्रतियोगिताओं में शानदार प्रदर्शन करने के बावजूद ओलंपिक पदक जीतने में नाकाम रहे। 

ओलंपिक में भाग ले रही एकमात्र भारतीय महिला तीरंदाज दीपिका क्वार्टर फाइनल से आगे नहीं बढ़ पाई थी। भारतीय पुरुषों में दास ने सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया लेकिन वह भी प्री क्वार्टर फाइनल तक ही पहुंच पाए थे। भारत की पुरुष और मिश्रित युगल टीम भी कोरियाई तीरंदाजों के सामने नहीं टिक पायी थी। दीपिका और दास अब नए सिरे में शुरुआत करना चाहेंगे। विश्व रैंकिंग में दूसरे स्थान पर खिसकने वाली दीपिका ने अब तक इस प्रतियोगिता में 7 बार भाग लिया है जिसमें उन्होंने चार रजत और एक कांस्य पदक जीता है। यह देखना होगा कि क्या वह स्वर्ण पदक जीतकर डोला बनर्जी की बराबरी कर पाती हैं या नहीं। 

डोला ने 2007 में विश्व कप फाइनल में स्वर्ण पदक जीता था। दीपिका पहले दौर में रूस की स्वेतलाना गोम्बोएवा का सामना करेगी। दास पहली बार विश्व कप फाइनल में उतरेंगे। उन्हें पहले दौर में जर्मनी के मैक्समिलियन वेकमुलर का सामना करना है। विश्व कप के चार चरणों में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले 8 तीरंदाज विश्व कप फाइनल में जगह बनाते हैं। इसमें पुरुष और महिला रिकर्व व कंपाउंड वर्ग में कुल 32 तीरंदाज हिस्सा लेंगे। इस बार भारत की तरफ से अभिषेक वर्मा कंपाउंड वर्ग में भाग लेंगे। उन्होंने पेरिस विश्व कप में स्वर्ण पदक जीता था। उनका सामना अमेरिका के विश्व के चौथे नंबर के खिलाड़ी ब्रेडन गेलेनथियन से होगा। 

Content Writer

Raj chaurasiya