पूर्व भारतीय क्रिकेटर बना HCA का डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट ऑपरेशंस, 3 साल की जिम्मेदारी

punjabkesari.in Wednesday, May 06, 2026 - 11:28 AM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : हैदराबाद क्रिकेट एसोसिएशन ने पूर्व भारतीय क्रिकेटर अंबाती रायुडू को डायरेक्टर ऑफ क्रिकेट ऑपरेशंस नियुक्त किया है। यह घोषणा सोमवार को की गई। रायुडू का कार्यकाल तीन साल का होगा और वह तुरंत प्रभाव से अपनी जिम्मेदारी संभालेंगे।

क्रिकेट विकास में निभाएंगे अहम भूमिका

रायुडू का यह नया रोल हैदराबाद और तेलंगाना में क्रिकेट के विकास को नई दिशा देने में अहम माना जा रहा है। अंतरराष्ट्रीय और घरेलू क्रिकेट में उनके लंबे अनुभव से HCA को रणनीतिक मजबूती मिलने की उम्मीद है।

रायुडू ने जताई खुशी

रायुडू ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर अपनी नियुक्ति को लेकर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा, 'मैं बेहद खुश हूं कि मुझे HCA में क्रिकेट ऑपरेशंस का प्रमुख बनाया गया है। यह एक शानदार मौका है, जहां कुछ चीजों को सुधारने के साथ-साथ हैदराबाद और तेलंगाना की प्रतिभा को आगे लाने का काम करूंगा।'

2019 में लगाए थे भ्रष्टाचार के आरोप

गौरतलब है कि 2019 में रायुडू ने HCA पर गंभीर आरोप लगाए थे। उन्होंने कहा था कि एसोसिएशन में “व्यापक भ्रष्टाचार” है और टीम चयन में राजनीति का असर दिखता है। इन विवादों के बाद रायुडू ने 2019-20 सीजन में हैदराबाद टीम छोड़ दी थी और बाद में आंध्र व बड़ौदा के लिए घरेलू क्रिकेट खेला।

करियर पर एक नजर

रायुडू ने अपने करियर में भारत के लिए 55 वनडे और 6 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं। इसके अलावा उन्होंने 97 फर्स्ट क्लास मैच भी खेले। आईपीएल में भी उनका शानदार रिकॉर्ड रहा है, जहां उन्होंने 6 बार खिताब जीता—3 बार मुंबई इंडियंस और 3 बार चेन्नई सुपर किंग्स के साथ। रिटायरमेंट के बाद उन्होंने CPL और ILT20 जैसी लीग में भी हिस्सा लिया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News