LSG के खिलाफ हार के बाद CSK पर बरसे अंबाती रायुडू, टीम की रणनीति और अनुभव पर उठाए सवाल

punjabkesari.in Saturday, May 16, 2026 - 02:50 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : Ambati Rayudu ने Chennai Super Kings की Lucknow Super Giants के खिलाफ हार के बाद टीम के मैदान पर फैसलों और अनुभव की कमी पर सवाल उठाए हैं। रायुडू का मानना है कि युवा तेज गेंदबाज अंशुल कंबोज को मुश्किल समय में संभालने वाला कोई अनुभवी खिलाड़ी मैदान पर नजर नहीं आया।

अंशुल कंबोज पर टूट पड़े मिचेल मार्श

LSG के खिलाफ मुकाबले में अंशुल कंबोज का दिन बेहद खराब रहा। ऑस्ट्रेलियाई बल्लेबाज Mitchell Marsh ने उनके एक ओवर में लगातार चार छक्के जड़ दिए। कंबोज ने 2.4 ओवर में 63 रन लुटा दिए और LSG ने 188 रन का लक्ष्य सिर्फ 16.4 ओवर में हासिल कर सात विकेट से मुकाबला जीत लिया।

‘CSK में स्मार्ट और अनुभवी दिमाग की कमी’

ईएसपीएनक्रिकइन्फो के टाइमआउट शो में बातचीत के दौरान अंबाती रायुडू ने कहा कि CSK को मैदान पर ऐसे खिलाड़ियों की जरूरत थी जो युवा गेंदबाज को मानसिक रूप से संभाल सकें। रायुडू ने कहा, 'जब आप मैदान पर CSK की टीम को देखते हैं तो वहां बहुत ज्यादा स्मार्ट या अनुभवी खिलाड़ी नजर नहीं आते, जो जाकर उसे शांत कर सकें और कह सकें कि थोड़ा रुक जाओ, खुद को संभालो।'

‘किसी को उसका ध्यान भटकाना चाहिए था’

रायुडू ने कहा कि विकेटकीपर Sanju Samson गेंदबाज से काफी दूर थे और उस समय किसी खिलाड़ी को जाकर कंबोज की सोच बदलनी चाहिए थी। उन्होंने कहा, 'किसी को उससे जाकर पूछना चाहिए था कि क्या स्लोअर बॉल काम करेगी या अब यॉर्कर डालनी चाहिए। बस उसकी सोच को बदलने की जरूरत थी ताकि वह उस दबाव में पूरी तरह न फंस जाए।'

खराब दिन के बावजूद कंबोज का बचाव

हालांकि रायुडू ने अंशुल कंबोज का बचाव भी किया और कहा कि युवा गेंदबाज पूरे सीजन शानदार गेंदबाजी कर रहा था। उन्होंने माना कि कभी-कभी अच्छे गेंदबाजों का भी खराब दिन आ सकता है। रायुडू ने कहा, 'वह पूरे सीजन अच्छी गेंदबाजी कर रहा है। एक खराब दिन आना सामान्य बात है। उसने ज्यादातर गेंदें खराब नहीं डालीं, लेकिन बल्लेबाजों ने अविश्वसनीय शॉट खेले।'

मार्श-इंग्लिस ने CSK से छीना मैच

इससे पहले CSK ने कार्तिक शर्मा के 71 रन और Shivam Dube की नाबाद 32 रन की पारी की बदौलत 187/5 का स्कोर बनाया था। लेकिन मिचेल मार्श और Josh Inglis ने पहले विकेट के लिए 135 रन की साझेदारी कर मैच पूरी तरह LSG के पक्ष में कर दिया। इस हार से CSK की प्लेऑफ उम्मीदों को भी बड़ा झटका लगा है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News