भारत में खेला जा सकता है एशेज टेस्ट मैच, क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया के मुख्य कार्यकारी ग्रीनबर्ग ने दिया संकेत

punjabkesari.in Friday, Jul 24, 2026 - 11:10 AM (IST)

सिडनी : क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया (CA) के मुख्य कार्यकारी टॉड ग्रीनबर्ग ने कहा कि वे भारतीय जमीन पर एशेज टेस्ट मैच आयोजित करने पर 'विचार करने के लिए तैयार' हैं। ग्रीनबर्ग ने कहा कि भले ही अभी ऐसी कोई योजना नहीं है, लेकिन उन्हें 'सभी विकल्पों पर विचार करने के लिए तैयार' रहना होगा। 

ग्रीनबर्ग ने एक पॉडकास्ट में कहा, 'ECB के साथ-साथ BCCI के साथ भी हमारे रिश्ते बहुत मजबूत हैं, और जाहिर है कि भारत में कुछ क्षेत्रों में और ज्यादा कंटेंट लाने के मौके हैं। यह ऐसी चीज नहीं है जिसकी हम अभी योजना बना रहे हैं, लेकिन निश्चित रूप से इस पर विचार किया जा सकता है।' उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि हमारे, इंग्लैंड और भारत के बीच टेस्ट क्रिकेट अभी भी बहुत मज़बूत है, जो शायद दुनिया के बाकी हिस्सों के ट्रेंड के उलट है। इसलिए हम यह पक्का करना चाहते हैं कि हम इसे आगे बढ़ाते रहें और मजबूत करते रहें।' 

यह बयान बिग बैश लीग (BBL) के इस साल के आखिर में भारत में डेब्यू करने की पुष्टि के कुछ दिनों बाद आया है। चेन्नई का एमए चिदंबरम स्टेडियम मेलबर्न रेनेगेड्स और पर्थ स्कॉर्चर्स के बीच होने वाले सीजन के पहले मैच की मेजबानी करेगा। ग्रीनबर्ग ने माना कि कई आईसीसी टूर्नामेंट, फ्रैंचाइजी और द्विपक्षीय क्रिकेट के कारण, व्यस्त क्रिकेट कैलेंडर में एक भी मैच के लिए समय निकालना मुश्किल होता है। 

उन्होंने कहा, 'ग्लोबल क्रिकेट में हम सभी के लिए चुनौती यह है कि शेड्यूल में सिफऱ् 365 दिन होते हैं और हम जो कंटेंट बनाना चाहते हैं, उसके लिए हमें शायद एक या दो महीने और चाहिए।' एशेज टेस्ट क्रिकेट की सबसे पुरानी प्रतियोगिता है, जो 1877 से चली आ रही है। गुरुवार को 2027 में होने वाली पुरुषों और महिलाओं की एशेज सीरीज का कार्यक्रम घोषित किया गया। दोनों सीरीज इंग्लैंड में एक साथ खेली जाएंगी। इसी दौरान पहली बार मिक्स्ड डिसेबिलिटी एशेज भी आयोजित की जाएगी। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News