वर्ल्ड जूनियर स्क्वैश में अनाहत सिंह का जलवा, शानदार जीत के साथ क्वार्टरफाइनल में मारी एंट्री
punjabkesari.in Thursday, Jul 23, 2026 - 12:28 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : भारत की शीर्ष वरीयता प्राप्त युवा स्क्वैश खिलाड़ी अनाहत सिंह ने कनाडा के ओंटारियो में खेले जा रहे वर्ल्ड जूनियर स्क्वैश इंडिविजुअल चैंपियनशिप 2026 के महिला वर्ग के क्वार्टरफाइनल में जगह बना ली है। पिछले साल कांस्य पदक जीतने वाली अनाहत ने प्री-क्वार्टरफाइनल में मलेशिया की डॉयस ये सान ली को एकतरफा मुकाबले में हराकर खिताब की ओर मजबूत कदम बढ़ाया।
प्री-क्वार्टरफाइनल में आसान जीत
टॉप सीड अनाहत सिंह ने 13/16वीं वरीयता प्राप्त मलेशियाई खिलाड़ी डॉयस ये सान ली को 11-4, 11-8, 11-3 से सीधे गेमों में हराया। भारतीय खिलाड़ी ने पूरे मुकाबले में शानदार नियंत्रण बनाए रखा और अपने प्रतिद्वंद्वी को वापसी का कोई मौका नहीं दिया।
अब मिस्र की हबीबा रिज्क से होगी भिड़ंत
क्वार्टरफाइनल में अनाहत सिंह का सामना मिस्र की 5/8वीं वरीयता प्राप्त हबीबा रिज्क से होगा। हबीबा ने अमेरिका की शार्लोट स्जे को चार गेम तक चले मुकाबले में हराकर अंतिम-8 में जगह बनाई। मिस्र की खिलाड़ियों का जूनियर स्क्वैश में दबदबा रहा है, ऐसे में यह मुकाबला अनाहत के लिए बड़ी चुनौती माना जा रहा है।
आर्यवीर दीवान का सफर थमा
पुरुष वर्ग में भारत को झटका लगा। एशियाई अंडर-19 चैंपियन और 5/8वीं वरीयता प्राप्त आर्यवीर दीवान प्री-क्वार्टरफाइनल में अमेरिका के यासीन शलाबी से सीधे गेमों में हारकर बाहर हो गए। अमेरिकी खिलाड़ी ने आर्यवीर को 11-4, 11-1, 11-5 से हराकर बड़ा उलटफेर किया।
25 जुलाई तक व्यक्तिगत मुकाबले, फिर टीम इवेंट
वर्ल्ड जूनियर स्क्वैश चैंपियनशिप 2026 में व्यक्तिगत मुकाबले 20 से 25 जुलाई तक खेले जाएंगे। इसके बाद 26 से 31 जुलाई तक पुरुष और महिला टीम स्पर्धाएं आयोजित होंगी। भारतीय पुरुष टीम पिछले साल काहिरा में 13 साल बाद कांस्य पदक जीतने में सफल रही थी और इस बार भी उससे अच्छे प्रदर्शन की उम्मीद होगी।

