आंद्रे रसेल ने 6 गेंदों में 6 छक्के लगाने वाले 11वें बल्लेबाज बने, 24 गेंदों में ठोके 74 रन

punjabkesari.in Sunday, Aug 28, 2022 - 04:29 PM (IST)

खेल डैस्क : वेस्टइंडीज के हरफनमौला खिलाड़ी आंद्रे रसेल ने 6इटी फार्मेट में फिर से अपनी पावर-हिटिंग से फैंस को रूबरू करवाया। ट्रिनबागो नाइट राइडर्स के ऑलराउंडर ने सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स के खिलाफ खेले गए मैच में लगातार 6  छक्के लगाए। उन्होंने सिर्फ 24 गेंदों में 72 रन बनाकर स्कोर 155/5 तक पहुंचा दिया। जवाब में खेलने उतरी सेंट किट्स ने बराबर टक्कर दी लेकिन वह महज 3 रन से जीत से चूक गई। 

 

 

रसेल ने अपनी पारी में आठ छक्के और पांच चौके लगाए। टूर्नामेंट के नियमों के अनुसार बल्लेबाज एक ओवर की समाप्ति के बाद पक्ष नहीं बदलते हैं। इसी का रसेल ने फायदा उठाए। उन्होंने सबसे पहले डोमिनिक ड्रेक्स के 7वें ओवर की अंतिम चार गेंदों पर चार छक्के जड़े। इसके बाद उन्होंने आठवां ओवर फेंकने आए स्पिनर जॉन-रस जग्गेसर का स्वागत किया और उन्हें दो छक्के मारकर यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। इसी ओवर में आखिर रसेल ने अपना विकेट भी गंवाया। 

 

 

रसेल की इस पारी के कारण ट्रिनबागो नाइट राइडर्स ने 10 ओवरों में 155/5 रन बना दिए। टिम सीफर्ट ने 13 गेंदों में 22 और टियोन वेबस्टर ने 10 में 22 रन बनाए। सीकुगे प्रसन्ना ने 5 गेंदों में 19 रन बनाए। जवाब में पैट्रियट्स ने कड़ी टक्कर दी लेकिन अंत में तीन रन से हार गए। आंद्रे फ्लेचर ने 15 गेंदों में 33 रन बनाए, जबकि शेरफेन रदरफोर्ड ने केवल 15 गेंदों में 50 रन बनाए, जिसमें सात छक्के शामिल थे। ड्रेक्स ने 10 गेंदों में नाबाद 33 रन बनाए लेेकिन पैट्रियट्स 10 ओवर में 152/4 रन ही बना सकी।

 

6 गेंदों में 6 छक्के लगाने वाले बल्लेबाज
सर गैरी सोबर्स (नॉटिंघमशायर बनाम ग्लेमोर्गन) 1968
रवि शास्त्री (बांबे बनाम बड़ौदा) 1985
हर्षल गिब्स (साऊथ अफ्रीका बनाम नीदरलैंड) 2007
युवराज सिंह (भारत बनाम इंगलैंड) 2007
रोस विट्ली (वार्कशायर बनाम वार्कशायर विकिंग्स) 2017
हजरतुल्लाह जजई (काबुल जवान बनाम बल्ख लीजैंड) 2018
लियो कार्टर (कैंटेरबरी किंग्स बनाम नॉर्थन नाइट्स) 2020
किरोन पोलार्ड (विंडीज बनाम श्रीलंका) 2021
थिसारा परेरा (श्रीलंका आर्मी बनाम ब्लूमफील्ड क्रिकेट क्लब) 2021
जसकरण मल्होत्रा (यू.एस.ए. बनाम पापुआ न्यू गिनी) 2021
आंद्रे रसेल (ट्रिनबागो नाइट राइडर्स बनाम सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियट्स) 2022

Content Writer

Jasmeet