ड्रेसिंग रूम में शिवम दुबे से तारीफ सुन भावुक हुए अर्जुन तेंदुलकर, वायरल हुआ रिएक्शन; Video

punjabkesari.in Tuesday, Jun 09, 2026 - 05:35 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क: मुंबई टी20 लीग 2026 में एआरसीएस अंधेरी के लिए खेल रहे अर्जुन तेंदुलकर ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए सबका ध्यान अपनी ओर खींच लिया। आईपीएल 2026 में लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए सिर्फ एक मैच खेलने वाले अर्जुन ने इस मुकाबले में पहले गेंदबाजी से कहर बरपाया और फिर बल्ले से मैच खत्म कर दिया। बांद्रा ब्लास्टर्स के खिलाफ खेले गए मुकाबले में अर्जुन ने अपने तीन ओवर के स्पेल में एक मेडन सहित 3 विकेट लेकर विपक्षी टीम को 144/9 के स्कोर पर रोकने में अहम भूमिका निभाई।

145 रन के लक्ष्य का आसान पीछा

145 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए एआरसीएस अंधेरी को शुरुआती झटका जरूर लगा, लेकिन इसके बाद अर्जुन तेंदुलकर और मुशीर खान ने मैच पूरी तरह एकतरफा बना दिया। दोनों बल्लेबाजों ने दूसरे विकेट के लिए नाबाद 116 रन की साझेदारी की।

अर्जुन ने सिर्फ 34 गेंदों में नाबाद 66 रन बनाए, जिसमें कई आकर्षक चौके-छक्के शामिल रहे। वहीं मुशीर खान ने 38 गेंदों पर नाबाद 54 रन की पारी खेली। दोनों की विस्फोटक बल्लेबाजी की बदौलत टीम ने 37 गेंद शेष रहते 9 विकेट से जीत दर्ज कर ली।

ड्रेसिंग रूम में दुबे की तारीफ, अर्जुन का रिएक्शन वायरल

मैच के बाद ड्रेसिंग रूम में कप्तान शिवम दुबे ने खिलाड़ियों की जमकर सराहना की। वायरल वीडियो में दुबे सबसे पहले अर्जुन तेंदुलकर की तारीफ करते नजर आते हैं।

अर्जुन का नाम सुनते ही उनके चेहरे पर भावनाएं साफ दिखाई दीं। वह शांत बैठे रहे और ज्यादा प्रतिक्रिया नहीं दी, लेकिन जब दुबे ने अंत में एक बार फिर उनका जिक्र किया तो उनके चेहरे पर हल्की मुस्कान दिखाई दी। यही पल सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।

शिवम दुबे ने क्या कहा?

दुबे ने टीम की तारीफ करते हुए कहा कि एआरसीएस अंधेरी के पास एक नहीं बल्कि दो "बैकबोन" हैं—अजय मिश्रा और मुशीर खान। उन्होंने दिव्यांश सक्सेना की तेज शुरुआत और मुशीर की मैच जिताऊ पारी की भी जमकर सराहना की।

सेमीफाइनल की दौड़ में मजबूत हुई टीम

इस जीत के साथ एआरसीएस अंधेरी ने टूर्नामेंट में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। अर्जुन तेंदुलकर के शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन ने टीम को न सिर्फ बड़ी जीत दिलाई, बल्कि सेमीफाइनल की दौड़ में भी मजबूती प्रदान की।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News