मुंबई इंडियंस में रोहित नहीं इस क्रिकेटर के फैन हैं अर्जुन तेंदुलकर, हुआ खुलासा

punjabkesari.in Friday, Jan 28, 2022 - 06:37 PM (IST)

खेल डैस्क : आई.पी.एल. 2022 के लिए मुंबई इंडियंस तैयार हैं। मुंबई फ्रेंचाइजी ने रोहित शर्मा, जसप्रीत बुमराह, सूर्यकुमार यादव और कैरोन पोलार्ड जैसे स्टार प्लेयर्स को रिटेन किया है। मुंबई के साथ ही महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर के बेटे अर्जुन तेंदुलकर भी जुड़े थे। लेकिन इस बार वह भी आई.पी.एल. ऑक्शन में अपनी किस्मत अजमाते हुए दिखेंगे। इसी बीच अर्जुन तेंदुलकर ने इंस्टाग्राम पर फैंस के साथ बातचीत में मुंबई के अपने फेवरेट क्रिकेटर पर बात की है। जब उनसे पूछा गया कि उनका पसंदीदा मुंबई इंडियंस का खिलाड़ी कौन है, तो उन्होंने लिखा- जसप्रीत बुमराह।

अर्जुन तेंदुलकर को 2021 की आईपीएल नीलामी में रोहित शर्मा की अगुवाई वाली मुंबई इंडियंस फ्रेंचाइजी ने चुना था। उन्होंने अभी तक आईपीएल में एक भी मैच नहीं खेला है। अर्जुन को उनके बेस प्राइस 20 लाख रुपए में खरीदा गया था। बता दें कि मुंबई ने जसप्रीत बुमराह को 12 करोड़ रुपए वेतन के साथ टीम में बरकरार रखा है। बुमराह ने 8 सालों में 106 मैच खेलकर 130 विकेट हासिल किए हैं।

बुमराह टीम इंडिया के प्रमुख गेंदबाज हैं। तीनों फॉर्मेट में वह लगातार खेल रहे हैं। 28 वर्षीय बुमराह भारतीय क्रिकेट टीम के लिए 27 टेस्ट, 70 एकदिवसीय और 55 टी-20 मैच खेल चुके हैं। टेस्ट में उनके नाम 113, वनडे में 113 तो टी-20 में 66 विकेट दर्ज हैं। बुमराह ने दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज में पांच विकेट लिए थे। वह विंडीज के खिलाफ होने वाली सीमित ओवरों की सीरीज में नहीं खेलेंगे। उन्हें आराम दिया गया है।

Content Writer

Jasmeet