बल्लेबाज आशुतोष शर्मा का गेंद से धमाका, 5 विकेट लेकर हैम्पशायर को दिलाई रोमांचक जीत
punjabkesari.in Saturday, Aug 01, 2026 - 02:59 PM (IST)
बर्मिंघम: आईपीएल में दिल्ली कैपिटल्स (DC) के लिए खेलने वाले स्टार बल्लेबाज आशुतोष शर्मा ने इंग्लैंड के वन-डे कप में अपनी गेंदबाजी से सबको चौंका दिया। हैम्पशायर की ओर से खेलते हुए उन्होंने एसेक्स के खिलाफ शानदार 5 विकेट झटककर टीम की तीन विकेट से रोमांचक जीत में अहम भूमिका निभाई।
गेंद से मचाया तहलका
चेल्म्सफोर्ड के काउंटी ग्राउंड में खेले गए मुकाबले में एसेक्स ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का फैसला किया। सलामी बल्लेबाज नोआ थैन ने 96 गेंदों में 109 रन की शानदार पारी खेली, जबकि मैट क्रिचली (43) और ग्रांट रोएलोफसन (52) की पारियों की बदौलत टीम ने 50 ओवर में 317 रन बनाए।
हालांकि, इस बड़े स्कोर के बावजूद आशुतोष शर्मा ने अपनी गेंदबाजी से मैच का रुख बदल दिया। उन्होंने 10 ओवर में 51 रन देकर 5 विकेट लिए। बल्लेबाज के रूप में पहचान रखने वाले आशुतोष का यह प्रदर्शन सभी के लिए बड़ा सरप्राइज रहा।
हैम्पशायर ने रोमांचक अंदाज में जीता मैच
318 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी हैम्पशायर की शुरुआत खराब रही और अली ओर बिना खाता खोले आउट हो गए। इसके बाद निक गब्बिन्स (53), फ्लेचा मिडलटन (47) और टॉम प्रेस्ट (51) ने पारी संभाली।
अंत में जेम्स फुलर ने 31 गेंदों में 58 रन की विस्फोटक पारी खेली, जबकि एंड्रयू नील ने 24 गेंदों में 33 रन बनाकर उनका साथ दिया। दोनों की साझेदारी के दम पर हैम्पशायर ने मुकाबला तीन विकेट से अपने नाम कर लिया।
बल्ले से नहीं चला जादू
आशुतोष शर्मा ने गेंद से तो कमाल दिखाया, लेकिन बल्लेबाजी में बड़ी पारी नहीं खेल सके। लक्ष्य का पीछा करते हुए उन्होंने 16 रन बनाए, हालांकि उनकी गेंदबाजी ही टीम की जीत की सबसे बड़ी वजह रही।

