CSK की लगातार दो जीत के बाद अश्विन ने गायकवाड़ को दी सलाह, बल्लेबाजी दृष्टिकोण में करें बदलाव

punjabkesari.in Wednesday, Apr 15, 2026 - 03:42 PM (IST)

चेन्नई : भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर रविचंद्रन अश्विन का मानना ​​है कि चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) की इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) के वर्तमान सत्र में लगातार दो जीत से कप्तान रुतुराज गायकवाड़ पर दबाव कम होगा। उन्होंने इसके अलावा खराब फॉर्म में चल रहे इस सलामी बल्लेबाज को पारी की शुरुआत में अपने दृष्टिकोण में थोड़ा बदलाव करने की सलाह भी दी। 

पांच बार की चैंपियन CSK ने शुरुआत में लगातार तीन हार झेली लेकिन इसके बाद उसने दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स को हराकर शानदार वापसी की। अश्विन ने जियोस्टार पर कहा, 'कप्तान के तौर पर उन्हें दो जीत मिल चुकी हैं, जिससे वह सहज महसूस करेंगे। सच कहूं तो अगर मैं डगआउट में होता या रुतुराज गायकवाड़ होता तो ज्यादा चिंता नहीं करता। टी20 प्रारूप ऐसा है जहां आपको लगातार इरादा दिखाना होता है।' 

गायकवाड़ रन बनाने के लिए जूझ रहे हैं। उन्होंने पांच मैचों में केवल 63 रन बनाए हैं, जिसमें उनका उच्चतम स्कोर 28 है। उनकी असफलता के कारण युवा आयुष म्हात्रे के संजू सैमसन के साथ पारी की शुरुआत करने की भी चर्चा बढ़ रही है। ऐसे में गायकवाड़ के तीसरे नंबर पर बल्लेबाजी करने की संभावना है। अश्विन ने गायकवाड़ को अपनी पारी की शुरुआत में हवा में शॉट नहीं खेलने की सलाह दी। 

उन्होंने कहा, 'रुतुराज कुछ ज्यादा ही आक्रामक शॉट खेल रहे हैं और जल्दी आउट हो रहे हैं। अगर वह अपनी पारी की शुरुआत में थोड़ा सहज होकर खेलें, गेंद को सही समय पर खेलने की कोशिश करें और अधिक से अधिक मैदानी शॉट खेलें तो इससे उन्हें फायदा मिल सकता है।' 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News