IPL 2026: अश्विन इस विस्फोटक खिलाड़ी के हुए मुरीद, बोले- वो भारत के लिए तीनों फॉर्मेट खेलेगा

punjabkesari.in Sunday, May 10, 2026 - 01:37 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : IPL के पूर्व दिग्गज स्पिनर Ravichandran Ashwin ने राजस्थान रॉयल्स के युवा बल्लेबाज Vaibhav Sooryavanshi की जमकर तारीफ की है। जयपुर में गुजरात टाइटंस के खिलाफ राजस्थान रॉयल्स की 77 रन की हार के बाद अश्विन ने कहा कि वह भविष्य में वैभव को भारत के लिए तीनों फॉर्मेट खेलते देखना चाहते हैं।

'वह क्रिकेट का बॉक्स ऑफिस खिलाड़ी है'

जियोस्टार पर बातचीत के दौरान अश्विन ने वैभव की आक्रामक बल्लेबाजी की सराहना करते हुए कहा, 'वह हर गेंदबाज पर हमला कर रहा है। मैं उसे टेस्ट मैच में भी खेलते देखना चाहूंगा और भारत के लिए तीनों फॉर्मेट में भी। उसे मैदान पर लाइए, लोग खुद उसे देखने आएंगे क्योंकि वह दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करेगा।'

उन्होंने आगे कहा, 'वह क्रिकेट बॉल पर अपनी पूरी ताकत लगा रहा है। जिस तरह उसने अंडर-19 वर्ल्ड कप फाइनल में बल्लेबाजी की थी, उसे देखकर लगता है कि वह क्रिकेट का ‘बॉक्स ऑफिस खिलाड़ी’ बनने वाला है।'

'सिर्फ 15 साल का है, उस पर दबाव मत डालिए'

अश्विन ने कहा कि इतनी कम उम्र में वैभव पर ज्यादा दबाव नहीं डालना चाहिए और उसे खुलकर क्रिकेट खेलने देना चाहिए। 'क्रिकेट करियर में बहुत कम मौके आते हैं जब आप बिना किसी दबाव के खेल का आनंद ले सकते हैं और वह अभी सिर्फ 15 साल का है। हमें उसे उसी तरह खेलने देना चाहिए।'

उन्होंने आगे कहा, 'इस समय उससे ऐसी चीजें करने की उम्मीद नहीं करनी चाहिए, जो उसके करियर के इस दौर में जरूरी नहीं हैं।'

अनुभवी खिलाड़ियों का जिक्र किया

पूर्व भारतीय स्पिनर ने कहा कि राजस्थान रॉयल्स के पास कई अनुभवी बल्लेबाज मौजूद हैं, इसलिए पूरी जिम्मेदारी वैभव पर नहीं डालनी चाहिए। 'उसके बाद ध्रुव जुरेल, रियान पराग और डोनोवन फरेरा जैसे अनुभवी खिलाड़ी आते हैं। उसे अकेले टीम का भार उठाने की जरूरत नहीं है।' 'अगर वह टीम को तेज शुरुआत दिलाता है, तो राजस्थान जैसी बल्लेबाजी लाइनअप को ऐसे मुकाबले आसानी से जीतने चाहिए।'

सिराज के खिलाफ भी दिखाया आक्रामक अंदाज

वैभव सूर्यवंशी ने IPL 2026 में अपनी निडर बल्लेबाजी से सभी को प्रभावित किया है। उन्होंने जसप्रीत बुमराह, जोश हेजलवुड और मोहम्मद सिराज जैसे बड़े गेंदबाजों के खिलाफ भी बेखौफ बल्लेबाजी की है। शनिवार को सिराज ने उन्हें शॉर्ट गेंद पर आउट जरूर किया, लेकिन उससे पहले वैभव ने उनके खिलाफ शानदार छक्का भी लगाया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News