IPL 2027: CSK के नए हेड कोच कौन? अश्विन ने दिए संकेत, इन 2 दिग्गजों के नाम की चर्चा तेज

punjabkesari.in Thursday, Aug 13, 2026 - 09:55 AM (IST)

नई दिल्ली : चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) में स्टीफन फ्लेमिंग के जाने के बाद नए हेड कोच को लेकर चर्चा तेज हो गई है। इसी बीच भारत के पूर्व ऑफ स्पिनर और सीएसके के पूर्व खिलाड़ी रविचंद्रन अश्विन ने टीम के अगले कोच को लेकर बड़ा दावा किया है। अश्विन के मुताबिक, ईयोन मॉर्गन का नाम जोरदार तरीके से चर्चा में है, जबकि एमएस धोनी अगले एक साल तक टीम को संभालने का विकल्प हो सकते हैं।

स्टीफन फ्लेमिंग के जाने के बाद बढ़ी हलचल

चेन्नई सुपर किंग्स के लिए आईपीएल 2026 का सीजन उम्मीद के मुताबिक नहीं रहा। इसके बाद लंबे समय से फ्रेंचाइजी के साथ जुड़े मुख्य कोच स्टीफन फ्लेमिंग ने जुलाई में अपने पद से हटने का फैसला किया। फ्लेमिंग के जाने के बाद अब सीएसके नए हेड कोच की तलाश में है और इसी बीच कई नामों को लेकर अटकलें शुरू हो गई हैं। इसी कड़ी में रविचंद्रन अश्विन ने अपने आधिकारिक यूट्यूब चैनल पर सीएसके के अगले कोच को लेकर अपनी बात रखी। अश्विन ने दावा किया कि इंग्लैंड के पूर्व कप्तान ईयोन मॉर्गन का नाम इस समय काफी मजबूती से चर्चा में है।

ईयोन मॉर्गन बन सकते हैं CSK के नए हेड कोच

अश्विन के मुताबिक, मॉर्गन को लेकर शुरुआती बातचीत चल रही है और इस समय दो संभावनाएं नजर आ रही हैं। पहली संभावना यह है कि मॉर्गन इसी साल सीएसके की जिम्मेदारी संभाल लें। दूसरी स्थिति में फ्रेंचाइजी पहले किसी अन्य व्यक्ति के साथ टीम तैयार कर सकती है और बाद में मॉर्गन को जिम्मेदारी दी जा सकती है।

अश्विन ने अपने यूट्यूब चैनल पर कहा, 'मुझे लगता है कि ईयोन मॉर्गन शायद आ सकते हैं। उनका नाम काफी मजबूती से चर्चा में है और शुरुआती बातचीत चल रही है। इसमें दो संभावनाएं हैं—क्या ईयोन मॉर्गन इसी साल जिम्मेदारी संभालेंगे या कोई और व्यक्ति मिनी ऑक्शन में टीम तैयार करेगा और मॉर्गन बाद में जिम्मेदारी संभालेंगे?' हालांकि, अश्विन ने यह भी स्पष्ट किया कि यह अभी कोई आधिकारिक नियुक्ति नहीं है। मॉर्गन के नाम को लेकर सिर्फ शुरुआती चर्चा और संभावनाएं सामने आई हैं।

मेगा ऑक्शन के बाद लिया जा सकता है बड़ा फैसला

अश्विन ने आगे संकेत दिया कि सीएसके आईपीएल 2028 के मेगा ऑक्शन को ध्यान में रखते हुए अपने कोचिंग सेटअप पर बड़ा फैसला ले सकती है। उन्होंने कहा, 'मेरी सबसे मजबूत धारणा यही है कि कम से कम अगले एक साल तक एमएस धोनी के नेतृत्व में बाकी लोग साथ मिलकर काम करेंगे। इसके बाद मेगा ऑक्शन को ध्यान में रखते हुए आगे का फैसला लिया जा सकता है।'

मॉर्गन के पास है कप्तानी का शानदार अनुभव

ईयोन मॉर्गन ने शीर्ष स्तर पर लंबे समय तक बतौर कोच काम नहीं किया है, लेकिन क्रिकेट की रणनीति और नेतृत्व के मामले में उनका अनुभव काफी मजबूत है। इंग्लैंड की व्हाइट-बॉल क्रिकेट में बदलाव लाने में मॉर्गन की अहम भूमिका रही थी। मॉर्गन की कप्तानी में इंग्लैंड ने 2019 वनडे विश्व कप का खिताब जीता था। उनकी आक्रामक रणनीति और आधुनिक क्रिकेट की समझ की काफी तारीफ हुई थी।

CSK के सामने अब क्या विकल्प हैं?

स्टीफन फ्लेमिंग के लंबे कार्यकाल के बाद सीएसके के लिए नए कोच का चुनाव बेहद अहम होने वाला है। एक तरफ ईयोन मॉर्गन जैसे अनुभवी पूर्व कप्तान का विकल्प मौजूद है। दूसरी तरफ एमएस धोनी की मौजूदगी टीम को निरंतरता और परिचित नेतृत्व दे सकती है। हालांकि, अभी तक चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से नए हेड कोच को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News