अश्विन की भविष्यवाणी, IPL 2026 में ये भारतीय खिलाड़ी जीतेगा ऑरेंज कैप
punjabkesari.in Saturday, Mar 28, 2026 - 11:41 AM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : भारत के अनुभवी स्पिनर "रविचंद्रन अश्विन" ने IPL 2026 को लेकर बड़ी भविष्यवाणी की है। उन्होंने कहा कि 'अगर केएल राहुल दिल्ली कैपिटल्स के लिए ओपनिंग करते हैं, तो वह इस सीजन ऑरेंज कैप जीत सकते हैं।' अश्विन का मानना है कि राहुल नई गेंद के खिलाफ शानदार बल्लेबाजी करते हैं और पावरप्ले में टीम को मजबूत शुरुआत दिला सकते हैं।
"मिडिल ऑर्डर नहीं, ओपनिंग है राहुल की सही जगह"
अश्विन ने कहा कि 'पिछले सीजन में राहुल को मिडिल ऑर्डर में खिलाना टीम की बड़ी गलती थी।' उन्होंने कहा कि 'राहुल तकनीकी रूप से मजबूत खिलाड़ी हैं और उन्हें नई गेंद खेलने का मौका मिलना चाहिए'। अश्विन के मुताबिक, राहुल को उनकी पसंदीदा पोजिशन पर खिलाने से दिल्ली कैपिटल्स को बड़ा फायदा होगा।
"निसांका के साथ ओपनिंग जोड़ी बन सकती है खतरनाक"
अश्विन ने सुझाव दिया कि 'केएल राहुल और पथुम निसांका की ओपनिंग जोड़ी दिल्ली के लिए बेहद खतरनाक साबित हो सकती है'। उन्होंने कहा कि 'निसांका शानदार फॉर्म में हैं और राहुल के साथ मिलकर टीम को लगातार अच्छी शुरुआत दे सकते हैं"'।
दिल्ली कैपिटल्स को नहीं दोहरानी होंगी पुरानी गलतियां
अश्विन ने दिल्ली कैपिटल्स को सलाह देते हुए कहा कि 'टीम को बार-बार प्लेइंग इलेवन और बैटिंग ऑर्डर बदलने की गलती नहीं करनी चाहिए।' उन्होंने कहा कि 'अगर टीम अपने खिलाड़ियों को लगातार मौके देगी, तो दिल्ली इस बार खिताब की बड़ी दावेदार बन सकती है।'
सपोर्ट स्टाफ की रणनीति पर भी उठे सवाल
अश्विन ने सपोर्ट स्टाफ की रणनीति पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा, 'कभी-कभी सपोर्ट स्टाफ ज्यादा बदलाव करके टीम पर गलत असर डाल देता है। आशुतोष शर्मा ने एक शानदार पारी खेली, लेकिन फिर उन्हें लगातार मौके नहीं मिले। टीम के पास स्टार्क, लुंगी एनगिडी, मुकेश कुमार, कुलदीप यादव और अक्षर पटेल जैसे बेहतरीन गेंदबाज हैं, इसलिए सही कॉम्बिनेशन के साथ दिल्ली की टीम बहुत खतरनाक बन सकती है।'

