IPL 2026 Final: अश्विन की भविष्यवाणी, इस टीम को बताया खिताब जीतने का सबसे बड़ा दावेदार

punjabkesari.in Sunday, May 31, 2026 - 01:23 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क: पूर्व भारतीय स्पिनर रविचंद्रन अश्विन ने IPL 2026 फाइनल से पहले रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) को खिताब का सबसे बड़ा दावेदार बताया है। उनका मानना है कि मौजूदा फॉर्म को देखते हुए यह मुकाबला RCB के हाथ में है और अगर टीम ट्रॉफी नहीं जीतती है तो इसकी वजह केवल उनकी अपनी गलतियां होंगी।

IPL 2025 की चैंपियन RCB ने इस सीजन भी शानदार प्रदर्शन किया है। टीम ने लीग चरण में शीर्ष स्थान हासिल किया और फिर क्वालिफायर-1 में गुजरात टाइटंस को 92 रन से हराकर सीधे फाइनल में जगह बनाई। अब दोनों टीमें एक बार फिर अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी स्टेडियम में आमने-सामने होंगी।

गुजरात टाइटंस को घरेलू मैदान की अच्छी समझ

अश्विन ने माना कि गुजरात टाइटंस को अपने घरेलू मैदान पर खेलने का फायदा मिलेगा। उन्होंने कहा कि GT ने इस मैदान को अपना किला बना लिया है और घरेलू परिस्थितियों की अच्छी समझ उन्हें अतिरिक्त आत्मविश्वास देगी।

हालांकि, इसके बावजूद अश्विन का मानना है कि फाइनल में दबदबा RCB का रहेगा। उन्होंने कहा, 'RCB के लिए यह ऐसा फाइनल है जिसे वे खुद ही गंवा सकते हैं। वे स्पष्ट रूप से फेवरेट टीम हैं। उन्हें पूरे सीजन जिस आक्रामक अंदाज में खेला है, उसी रवैये के साथ उतरना चाहिए और अपनी रणनीति से पीछे नहीं हटना चाहिए।'

RCB की आक्रामक सोच को बताया बड़ी ताकत

अश्विन ने दोनों टीमों की रणनीति में अंतर बताते हुए कहा कि RCB ने पूरे सीजन जोखिम लेने से परहेज नहीं किया। टीम के पास भुवनेश्वर कुमार और क्रुणाल पांड्या जैसे अनुभवी खिलाड़ी हैं, जिन्होंने मुश्किल मौकों पर शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने कहा कि RCB का आक्रामक क्रिकेट ही उन्हें बाकी टीमों से अलग बनाता है और यही उनकी सबसे बड़ी ताकत भी है।

गुजरात की घरेलू परिस्थितियां बन सकती हैं चुनौती

गुजरात टाइटंस ने क्वालिफायर-1 में हार के बाद शानदार वापसी करते हुए क्वालिफायर-2 में राजस्थान रॉयल्स को हराकर फाइनल का टिकट कटाया। कप्तान शुभमन गिल की अगुआई में टीम पूरे सीजन लगातार अच्छा प्रदर्शन करती रही है।

अश्विन के मुताबिक, गुजरात के घरेलू हालात और मैदान की समझ ही वह आखिरी चुनौती है जो RCB और लगातार दूसरे IPL खिताब के बीच खड़ी है। अब सभी की नजरें इस बात पर टिकी हैं कि क्या RCB अपना खिताब बचाने में सफल होगी या फिर गुजरात टाइटंस घरेलू मैदान पर दूसरी बार IPL ट्रॉफी उठाएगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh