Asian Games 2026: नीरज चौहान ने धीरज बोम्मदेवरा को हराकर जीता ब्रॉन्ज

punjabkesari.in Saturday, Oct 03, 2026 - 12:54 PM (IST)

नागोया, जापान : एशियन गेम्स 2026 में भारतीय तीरंदाज नीरज चौहान ने पुरुष व्यक्तिगत रिकर्व स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया। शनिवार को ओकाजाकी चुओ सोगो पार्क मल्टीपर्पज स्क्वायर में हुए ऑल-इंडियन ब्रॉन्ज मेडल मुकाबले में नीरज ने हमवतन धीरज बोम्मदेवरा को रोमांचक मुकाबले में 6-4 से हराया।

यह मुकाबला पांच सेट तक चला और नीरज ने 2-4 से पिछड़ने के बाद शानदार वापसी करते हुए कांस्य पदक हासिल किया।

सेमीफाइनल हार के बाद आमने-सामने थे दोनों भारतीय

नीरज चौहान और धीरज बोम्मदेवरा दोनों को सेमीफाइनल में हार का सामना करना पड़ा था। नीरज को जापान के जुन्या नाकानिशी ने 7-1 से हराया था। वहीं धीरज को दक्षिण कोरिया के ली वू-सेओक के खिलाफ 3-7 से शिकस्त मिली थी। इसके बाद दोनों भारतीय तीरंदाजों के बीच कांस्य पदक के लिए मुकाबला हुआ।

पहले सेट में नीरज की बढ़त

ब्रॉन्ज मेडल मुकाबले की शुरुआत नीरज ने शानदार अंदाज में की। उन्होंने पहला सेट 29-26 से अपने नाम किया और 2-0 की बढ़त बना ली। हालांकि, धीरज ने दूसरे सेट में वापसी की। नीरज यह सेट 27-28 से हार गए और मुकाबले का स्कोर 2-2 हो गया।

तीसरे सेट में धीरज 4-2 से आगे

तीसरे सेट में धीरज बोम्मदेवरा ने दबाव बनाए रखा और 29-28 से सेट जीत लिया। इसके साथ ही धीरज ने मुकाबले में 4-2 की बढ़त हासिल कर ली। धीरज को अब सिर्फ एक और सेट जीतने की जरूरत थी, जबकि नीरज के सामने मुकाबला बचाने की चुनौती थी।

चौथे सेट में नीरज ने पलटा मैच

नीरज ने चौथे सेट में जबरदस्त वापसी की। उन्होंने तीनों तीरों पर परफेक्ट 10 का स्कोर किया और कुल 30 अंक हासिल किए। धीरज इस सेट में 9, 9 और 9 का स्कोर ही कर सके। नीरज ने चौथा सेट 30-27 से जीतकर मुकाबला 4-4 से बराबर कर दिया और मैच निर्णायक पांचवें सेट में पहुंच गया।

आखिरी दो तीरों पर 9 और 10 लगाकर जीता ब्रॉन्ज

निर्णायक पांचवें सेट में धीरज ने 8 के साथ शुरुआत की। इसके बाद उन्होंने लगातार दो 10 लगाए और कुल 28 अंक हासिल किए।अब नीरज को कांस्य पदक जीतने के लिए 19 अंकों की जरूरत थी। उन्होंने दबाव के बीच शानदार निशाना लगाया और आखिरी दो तीरों पर 9 और 10 का स्कोर कर दिया। नीरज ने कुल 29 अंक बनाए और पांचवां सेट जीतकर मुकाबला 6-4 से अपने नाम कर लिया।

टीम और मिक्स्ड इवेंट में भी पदक जीत चुके हैं दोनों

नीरज और धीरज इससे पहले एशियन गेम्स 2026 में टीम और मिश्रित स्पर्धाओं में भी पदक जीत चुके हैं। धीरज ने कुमकुम महोद के साथ मिश्रित रिकर्व स्पर्धा के फाइनल में सिल्वर मेडल जीता था। गोल्ड मेडल मुकाबले में उन्हें चीन से हार का सामना करना पड़ा था।धीरज ने नीरज चौहान और यशदीप भोगे के साथ पुरुष टीम स्पर्धा में भी सिल्वर मेडल जीता। भारतीय टीम को फाइनल में दक्षिण कोरिया से हार मिली और उसे गोल्ड से संतोष करना पड़ा।

कुमकुम महोद ने रचा ऐतिहासिक रिकॉर्ड

भारतीय महिला तीरंदाजी ने भी एशियन गेम्स 2026 में शानदार प्रदर्शन किया है। कुमकुम महोद ने इतिहास रचते हुए एशियन गेम्स में व्यक्तिगत रिकर्व गोल्ड मेडल जीतने वाली पहली भारतीय महिला बनने का गौरव हासिल किया। कुमकुम ने फाइनल में दक्षिण कोरिया की ओ येजिन को हराकर गोल्ड अपने नाम किया।

टीम इवेंट में भी कुमकुम का गोल्ड

कुमकुम महोद ने अंकिता भक्त और कीर्ति शर्मा के साथ महिला रिकर्व टीम स्पर्धा में भी गोल्ड मेडल जीता। भारतीय तिकड़ी ने फाइनल में 10 बार की चैंपियन दक्षिण कोरियाई टीम को हराकर खिताब अपने नाम किया। इस तरह एशियन गेम्स 2026 में भारतीय रिकर्व तीरंदाजों का प्रदर्शन लगातार शानदार रहा है और नीरज चौहान के कांस्य पदक ने इस अभियान में एक और उपलब्धि जोड़ दी।

नीरज चौहान बनाम धीरज बोम्मदेवरा: मुकाबले का स्कोर

पहला सेट: नीरज 29-26 धीरज
दूसरा सेट: नीरज 27-28 धीरज
तीसरा सेट: नीरज 28-29 धीरज
चौथा सेट: नीरज 30-27 धीरज
पांचवां सेट: नीरज 29-28 धीरज
अंतिम नतीजा: नीरज चौहान 6-4 से विजेता.


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News