Asian Games invitational tournament: भारत को 13 गोल्ड मेडल, जानसन को 800 मीटर दौड़ में स्वर्ण

punjabkesari.in Thursday, Feb 15, 2018 - 10:30 AM (IST)

जकार्ता: जिनसन जानसन ने पुरुष 800 मीटर में आसान जीत के साथ स्वर्ण पदक जीता जिससे भारत बुधवार को समाप्त एशियाई खेलों के आमंत्रण टूर्नामेंट में 13 स्वर्ण सहित कुल 22 पदक जीतने में सफल रहा। भारत के एथलीटों ने गेलोरा बुंग कार्नो मुख्य स्टेडियम में प्रतियोगिता के अंतिम दिन तीन स्वर्ण पदक जीते। भारत ने पुरुष और महिला चार गुणा 400 मीटर स्पर्धाओं में भी सोने के तमगे अपने नाम किए।

                        जिनसन जानसन

सरिता सिंह ने महिला तार गोला फेंक में रजत जबकि कमलराज कणराज ने पुरुष त्रिकूद में कांस्य पदक जीता। भारत ने प्रतियोगिता में 13 स्वर्ण, पांच रजत और चार कांस्य पदक जीते। एशियाई चैंपियनशिप के पूर्व रजत और कांस्य पदक विजेता जानसन ने एक मिनट 47.96 सेकेंड के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। राइद अल्जादनी (एक मिनट 54.17 सेकेंड) उनसे छह सेकेंड से भी अधिक समय पीछे दूसरे स्थान पर रहे। चार गुणा 400 मीटर पुरुष रिले में जीतू बेबी, कुन्हू मोहम्मद, सुमित कुमार और जीवन सुरेश ने तीन मिनट 7.06 सेकेंड के साथ चीनी ताइपे की जोड़ी को हराकर स्वर्ण पदक भारत की झोली में डाला। चार गुणा 400 मीटर महिला रिले में हिमा दास, सोनिया बैसोया, सरिताबेन गायकवाड़ और नित्या श्री आनंदा ने अकेले दौड़ते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। भारतीय टीम ने तीन मिनट 37.76 सेकेंड का समय लिया।         

तार गोला फेंक में राष्ट्रीय रिकार्ड धारक सरिता गत एशियाई चैंपियन चीन की ल्यो ना को कोई चुनौती नहीं दे सकी जिन्होंने 72.11 मीटर के समय के साथ स्वर्ण पदक जीता। सरिता ने 61 .75 मीटर के प्रयास के साथ रजत पदक अपने नाम किया। कमलराज भी उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर पाए और त्रिकूद में 15.73 मीटर के प्रयास के साथ कांस्य पदक ही जीत पाए।