एशियाई खेल : विथ्या रामराज ने 400 मीटर बाधा दौड़ में जीता कांस्य पदक

punjabkesari.in Tuesday, Oct 03, 2023 - 06:01 PM (IST)

हांगझोउ : भारत की विथ्या रामराज अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन नहीं कर सकी लेकिन इसके बावजूद मंगलवार को यहां एशियाई खेलों की महिला 400 मीटर बाधा दौड़ स्पर्धा में कांस्य पदक जीतने में सफल रही। 25 साल की विथ्या ने 55.68 सेकेंड के समय के साथ तीसरा स्थान हासिल किया। 

बहरीन की ओलुवाकेमी मुजिदात आदेकोया ने 54.45 सेकेंड के खेलों के रिकॉर्ड समय के साथ स्वर्ण पदक अपने नाम किया। चीन की जेदी मो ने 55.01 सेकेंड का सत्र का अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करते हुए रजत पदक जीता। विथ्या ने सोमवार को 55.52 सेकेंड के निजी सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के साथ 1984 में बनाए पीटी ऊषा के 400 मीटर बाधा दौड़ के राष्ट्रीय रिकॉर्ड की बराबरी करके अपनी हीट में शीर्ष पर रहते हुए फाइनल के लिए क्वालीफाई किया था। 

विथ्या भारत की चार गुणा 400 मीटर मिश्रित रिले टीम का भी हिस्सा थी जिसने सोमवार को श्रीलंका के ‘लेन के उल्लंघन' के कारण डिस्क्वालीफाई होने के बाद रजत पदक जीता। टीम के अन्य सदस्य मोहम्मद अजमल वरियाथोडी, राजेश रमेश और सुभा वेंकटेशन थे। 

Content Writer

Sanjeev