ऑस्ट्रेलिया ने 2026-27 के लिए कार्यक्रम की घोषणा की, भारत के खिलाफ खेलेगा पांच टेस्ट

punjabkesari.in Sunday, Mar 22, 2026 - 05:36 PM (IST)

मेलबर्न : क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने रविवार को अपना 2026-27 का अंतरराष्ट्रीय कैलेंडर जारी किया जिसमें उसका कार्यक्रम काफी व्यस्त है और इसलिए उसे जनवरी से मार्च तक भारत में होने वाली पांच टेस्ट मैच की श्रृंखला की प्रतिष्ठित बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी से पहले तैयारी के लिए बहुत कम समय मिलेगा।

अगले साल भारत के खिलाफ होने वाली पांच टेस्ट मैचों की श्रृंखला पैट कमिंस की उम्रदराज टीम के लिए निर्णायक साबित हो सकती है। उसको इसके लिए तैयारी का बहुत कम समय मिलेगा क्योंकि ऑस्ट्रेलिया को दिसंबर और मार्च के बीच 14 सप्ताह के अंदर 10 टेस्ट मैच खेलने हैं। ऑस्ट्रेलिया अपने घरेलू सत्र की शुरुआत अगस्त 2026 में बांग्लादेश के खिलाफ दो टेस्ट मैच से करेगा और इसका समापन मार्च 2027 में SCG में इंग्लैंड के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट की 150वीं वर्षगांठ के अवसर पर खेले जाने वाले दिन रात्रि टेस्ट मैच से होगा। 

ऑस्ट्रेलिया की इस व्यस्त कार्यक्रम में भारत के खिलाफ उसकी धरती पर होने वाली टेस्ट श्रृंखला में असली परीक्षा होगी। क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया ने एक बयान में कहा, 'बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी का वह दौरा कमिंस, स्टीव स्मिथ, मिचेल स्टार्क, जोश हेजलवुड और नाथन लियोन जैसे खिलाड़ियों के लिए आखरी चुनौती होगी क्योंकि उन्होंने अभी तक भारत में कभी कोई श्रृंखला नहीं जीती है।' 

ऑस्ट्रेलिया का टेस्ट कार्यक्रम इस प्रकार है : 

अगस्त : बांग्लादेश के खिलाफ दो टेस्ट मैच (घरेलू मैदान पर) 
अक्टूबर : दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन टेस्ट मैच (विदेश में) 
दिसंबर-जनवरी : न्यूजीलैंड के खिलाफ चार टेस्ट मैच (घरेलू मैदान पर) 
जनवरी-मार्च : भारत के खिलाफ पांच टेस्ट मैच (विदेश में) 
11-15 मार्च : इंग्लैंड के खिलाफ 150वीं वर्षगांठ का टेस्ट मैच (घरेलू मैदान पर) 
जून : विश्व टेस्ट चैंपियनशिप का फाइनल (क्वालीफाई करने की स्थिति में जो इंग्लैंड में खेला जाएगा) 
जून-अगस्त : इंग्लैंड के खिलाफ पांच टेस्ट मैच (विदेश में)। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News