MLC 2026: CSK में 11 मैच बेंच पर बैठा ऑस्ट्रेलियाई स्टार चमका, 4 विकेट लेकर MI न्यूयॉर्क को 104 पर समेटा
punjabkesari.in Monday, Jul 06, 2026 - 02:35 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : IPL 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए पूरे 11 मैच बेंच पर बैठे ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर मैथ्यू शॉर्ट ने मेजर लीग क्रिकेट (MLC) 2026 में अपने प्रदर्शन से सभी का ध्यान खींच लिया। शॉर्ट ने MI न्यूयॉर्क के खिलाफ घातक गेंदबाजी करते हुए 4 विकेट झटके और फिर बल्ले से भी अहम योगदान देकर सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स को 5 विकेट की जीत दिलाई। इस जीत के साथ यूनिकॉर्न्स अंक तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई।
सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स ने MI न्यूयॉर्क को 5 विकेट से हराया। पहले बल्लेबाजी करते हुए MI न्यूयॉर्क 20 ओवर में 104 रन पर ऑलआउट हो गई। जवाब में सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स ने 16.5 ओवर में 105/5 बनाकर मुकाबला 19 गेंद शेष रहते जीत लिया।
मैथ्यू शॉर्ट ने गेंद और बल्ले दोनों से दिखाया दम
सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स के कप्तान मैथ्यू शॉर्ट ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया और इसे पूरी तरह सही साबित किया। आईपीएल 2026 में चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के लिए 11 मैच बेंच पर बैठे ऑस्ट्रेलियाई ऑलराउंडर ने घातक गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में सिर्फ 17 रन देकर 4 विकेट झटके। इसके बाद उन्होंने बल्लेबाजी में भी 20 गेंदों पर 21 रन की उपयोगी पारी खेली और टीम की जीत की नींव रखी।
MI न्यूयॉर्क की बल्लेबाजी पूरी तरह फ्लॉप
MI न्यूयॉर्क की शुरुआत बेहद खराब रही। क्विंटन डी कॉक गोल्डन डक का शिकार बने, जबकि मोनांक पटेल, तजिंदर ढिल्लों और शाकिब अल हसन भी जल्दी आउट हो गए। पावरप्ले खत्म होने तक टीम 44/4 पर संघर्ष कर रही थी। इसके बाद कप्तान निकोलस पूरन (20), कायरन पोलार्ड (2) और कोरी एंडरसन (14) भी बड़ी पारी नहीं खेल सके। आखिरकार पूरी टीम 104 रन पर सिमट गई। यह MI न्यूयॉर्क का इस सीजन का दूसरा सबसे कम स्कोर रहा।
संजय कृष्णमूर्ति ने दिलाई आसान जीत
105 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए यूनिकॉर्न्स की शुरुआत भी अच्छी नहीं रही और लुआन-ड्रे प्रिटोरियस गोल्डन डक पर आउट हो गए। हालांकि संजय कृष्णमूर्ति ने शानदार संयम दिखाते हुए 45 गेंदों में नाबाद 48 रन बनाए, जिसमें 4 चौके और 2 छक्के शामिल रहे। उनके अलावा मैथ्यू शॉर्ट ने 21 रन का योगदान दिया। यूनिकॉर्न्स ने 16.5 ओवर में 5 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया।
अंक तालिका में नंबर-1 बनी यूनिकॉर्न्स
इस जीत के साथ सैन फ्रांसिस्को यूनिकॉर्न्स ने सात मैचों में अपनी चौथी जीत दर्ज की और बेहतर नेट रन रेट के आधार पर MLC 2026 की अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल कर लिया। वहीं, MI न्यूयॉर्क की टीम लगातार संघर्ष करती नजर आ रही है।

