IND vs ENG: गिल या बुमराह नहीं, पहले वनडे में इस खिलाड़ी को मिला ''प्लेयर ऑफ द मैच'' अवॉर्ड
punjabkesari.in Wednesday, Jul 15, 2026 - 12:10 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : भारत ने एजबेस्टन में खेले गए पहले वनडे में इंग्लैंड को 6 विकेट से हराकर तीन मैचों की सीरीज में 1-0 की बढ़त बना ली। 259 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए टीम इंडिया ने 28 गेंद बाकी रहते मुकाबला अपने नाम किया। इस जीत के सबसे बड़े हीरो ऑलराउंडर अक्षर पटेल रहे, जिन्हें शानदार प्रदर्शन के लिए प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया।
गेंद और बल्ले दोनों से बने जीत के हीरो
अक्षर पटेल ने पहले गेंदबाजी में 9.5 ओवर में 62 रन देकर 4 विकेट लिए और इंग्लैंड को 258 रन पर समेटने में अहम भूमिका निभाई। इसके बाद जब भारत मुश्किल में था, तब उन्होंने वॉशिंगटन सुंदर के साथ नाबाद 102 रन की साझेदारी करते हुए 52 गेंदों में नाबाद 57 रन बनाए और टीम को शानदार जीत दिला दी।
'T20 सीरीज के बाद इससे बेहतर शुरुआत नहीं हो सकती'
मैच के बाद अक्षर पटेल ने कहा, "जिस तरह टी20 सीरीज गुजरी, उसके बाद इससे बेहतर शुरुआत नहीं हो सकती थी। आज मैंने जैसा प्रदर्शन किया, उससे मैं बेहद खुश हूं।" उन्होंने अपनी गेंदबाजी पर कहा, 'मेरा प्लान पेस में बदलाव करते हुए स्टंप-टू-स्टंप गेंदबाजी करने का था। मैंने उसी एरिया में गेंदबाजी की और चार विकेट मिले, इससे काफी खुशी है।'
चेज के दौरान यही थी भारत की रणनीति
अक्षर ने बताया कि अच्छी शुरुआत मिलने के बाद टीम घबराई नहीं। उन्होंने कहा, 'हमें पता था कि मैच हमारे कंट्रोल में है। विकेट गिरने के बाद हमारी कोशिश सिर्फ साझेदारी बनाने और स्ट्राइक रोटेट करने की थी। जब मैं बल्लेबाजी करने आया तो वॉशिंगटन सुंदर के साथ तय किया कि पहले साझेदारी बनाएंगे, फिर जरूरत के हिसाब से खेलेंगे।'
सचिन-हार्दिक के खास क्लब में बनाई जगह
इस मुकाबले के साथ अक्षर पटेल ने एक बड़ा रिकॉर्ड भी अपने नाम कर लिया। वह विदेशी सरजमीं पर वनडे में एक ही मैच में 4 विकेट लेने और 50+ रन बनाने वाले भारत के सिर्फ तीसरे खिलाड़ी बन गए। उनसे पहले यह कारनामा सिर्फ सचिन तेंदुलकर और हार्दिक पांड्या ने किया था। वहीं इंग्लैंड के खिलाफ वनडे में 50+ रन और 4 विकेट लेने वाले भारतीय खिलाड़ियों की सूची में भी उन्होंने युवराज सिंह और हार्दिक पांड्या के साथ अपना नाम दर्ज करा लिया।

