B'day Special: पृथ्वी शॉ ने 13 साल की उम्र में जड़े थे 546 रन, जानिए भारत के युवा बल्लेबाज की कुछ शानदार उपलब्धियां

punjabkesari.in Wednesday, Nov 09, 2022 - 09:55 AM (IST)

स्पोर्ट्स  डेस्क:  भारतीय युवा सलामी बल्लेबाज पृथ्वी शॉ के लिए 9 नवंबर यानी आज का दिन बेहद खास है, क्योंकि वह आज अपना 23वां जन्मदिन मना रहे हैं। महराष्ट्र के थाणे में 9 नवंबर, 1999 को जन्मे पृथ्वी शॉ भारतीय अंडर-19 टीम की अगुआई करते हुए साल 2018 में विश्व कप जीता चुके हैं। सबसे पहले पृथ्वी चर्चा में तब आए थे, जब 2013 में उन्होंने हैरिस शील्ड टूर्नामेंट में सेंट फ्रांसिस के खिलाफ रिजवी स्प्रिंगफील्ड की ओर से खेलते हुए 330 गेंदों में 546 रन बनाए थे। पृथ्वी ने इस पारी के दौरान 85 चौके और 5 छक्के भी लगाए थे।

पृ्थ्वी शॉ का बचपन अच्छा नहीं बीता, क्योंकि उनके पास बचपन में पैसों की काफी तंगी रही। पृथ्वी शॉ को क्रिकेट की दुनिया में बुलंदियों तक पहुंचाने के लिए उनके पिता ने कोई कसर नहीं छोड़ी, बेटे को क्रिकेट में सफल बनाने के लिए उन्होंने अपनी कपड़ो की दुकान तक बेच दी। पृथ्वी शॉ ने भी अपने पिता के त्याग को जाया नहीं किया और उन्होंने अपने पिता के सपनों को पूरा किया। पृथ्वी क्रिकेट के दुनिया में आज अपनी बेहद खास पहचान बना चुके हैं।

पृथ्वी शॉ की कुछ शानदार उपलब्धियां

सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले दूसरे भारतीय बल्लेबाज हैं 
पृथ्वी शॉ भारतीय टीम की ओर से टेस्ट क्रिकेट में सबसे कम उम्र में शतक लगाने वाले दूसरे बल्लेबाज है, उन्होंने 18 साल और 319 दिनों की उम्र में पहला टेस्ट शतक जड़ा था। उनसे पहले भारतीय दिग्गज बल्लेबाज सचिन तेंदुलकर ने 17 साल 112 दिन की उम्र में इंग्लैंड के खिलाफ मुकाबले में शतक लगाया था। पृथ्वी के अलावा कपिल देव ने वेस्टइंडीज के खिलाफ 20 साल 21दिन की उम्र तो अब्बास अली बेग ने इंगलैंड के खिलाफ 20 साल 131 दिन की उम्र में शतक लगाया था। इसके अलावा पृथ्वी टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करते हुए शतक जमाने वाले 15वें भारतीय बल्लेबाज हैं। 

टेस्ट डैब्यू में सबसे कम गेंदों पर शतक, पृथ्वी शॉ तीसरे स्थान पर

पृथ्वी ने अपने टेस्ट डैब्यू में सिर्फ 99 गेंदों पर शतक लगा दिया था। ऐसा क र वह ओवरऑल बल्लेबाजों की सूची में तीसरे नंबर पर आ गए हैं। उनसे पहले शिखर धवन ने 2013 मोहाली के मैदान पर ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ महज 85 गेंदों पर शतक लगा दिया था। इसके बाद वेस्टइंडीज के ड्वेन स्मिथ का नाम आता है जिन्होंने 2014 में केपटाउन के मैदान पर 93 गेंदों में शतक जमाया था।

पृथ्वी शॉ का करियर

पृथ्वी शॉ भारतीय टीम के लिए अब तक 5 टेस्ट मैच खेल चुके हैं। उन्होंने टेस्ट क्रिकेट में 42.4 की औसत के साथ 339 रन जड़े हैं, वह टेस्ट में 1 शतक और 2 अर्धशतक लगा चुके हैं। वनडे क्रिकेट की बात करें तो उन्होंने भारत के लिए 6 वनडे अंतर्राष्ट्रीय मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 31.5 की औसत के साथ 189 रन बनाए हैं। टी20 में उन्हें सिर्फ एक ही भारत के लिए सिर्फ एक मैच ही खेलने का मौका मिला, जिसमें वह बिना कोई रन बनाए आउट हो गए। आईपीएल के 68 मैचों में वह कुल 1588 रन बना चुके हैं, जिसमें उनके 12 अर्धशतक शामिल हैं। 

Content Editor

Ramandeep Singh