बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप: आयुष शेट्टी का खिताबी सपना टूटा, सिल्वर से करना पड़ा संतोष

punjabkesari.in Sunday, Apr 12, 2026 - 05:02 PM (IST)

निंगबो (चीन): बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप 2026 के फाइनल में भारत के युवा शटलर आयुष शेट्टी को हार का सामना करना पड़ा। दुनिया के नंबर-2 खिलाड़ी शि युकी के खिलाफ उन्हें सीधे गेम में हार झेलनी पड़ी, जिसके बाद उन्हें रजत पदक से संतोष करना पड़ा।

एकतरफा रहा फाइनल मुकाबला

20 वर्षीय आयुष शेट्टी पूरे मैच में लय हासिल नहीं कर सके और चीनी खिलाड़ी के सामने संघर्ष करते नजर आए। शि युकी ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुकाबला 21-8, 21-10 से अपने नाम किया और भारतीय खिलाड़ी को वापसी का मौका ही नहीं दिया।

भारत का गोल्ड इंतजार जारी

इस हार के साथ ही बैडमिंटन एशिया चैंपियनशिप में भारत का पुरुष एकल खिताब जीतने का 61 साल पुराना इंतजार एक बार फिर लंबा हो गया। भारत के लिए आखिरी और इकलौता पुरुष एकल खिताब दिनेश खन्ना ने 1965 में जीता था। उसके बाद कोई भी भारतीय खिलाड़ी यह उपलब्धि हासिल नहीं कर सका है।

आयुष का शानदार सफर

हार के बावजूद आयुष शेट्टी का इस टूर्नामेंट में प्रदर्शन बेहद शानदार रहा। वह दिनेश खन्ना के बाद इस प्रतियोगिता के फाइनल में पहुंचने वाले सिर्फ दूसरे भारतीय पुरुष एकल खिलाड़ी बने, जो अपने आप में बड़ी उपलब्धि है।

भारतीय बैडमिंटन की अन्य सफलता

हाल के वर्षों में भारतीय बैडमिंटन ने डबल्स में सफलता हासिल की है। सात्विकसाईराज रंकीरेड्डी और चिराग शेट्टी की जोड़ी ने 2023 में पुरुष युगल का खिताब जीतकर इतिहास रचा था।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News