बांग्लादेश के कप्तान लिटन दास पर गिरी गाज, आचार संहिता उल्लंघन मामले में फंसे स्टार बल्लेबाज

punjabkesari.in Monday, Jul 20, 2026 - 03:54 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : बांग्लादेश टी20 टीम के कप्तान लिटन दास मुश्किलों में घिर गए हैं। बांग्लादेश क्रिकेट बोर्ड (BCB) ने केंद्रीय अनुबंधित खिलाड़ियों के लिए तय नियमों के कथित उल्लंघन के मामले में उन्हें अनुशासन समिति के सामने पेश होने के लिए तलब किया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, चोट से उबर रहे लिटन दास ने बोर्ड को जानकारी दिए बिना चीन की यात्रा की, जिसके बाद यह पूरा मामला सामने आया।

लिटन फिलहाल चोट के कारण टीम से बाहर चल रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद BCB इस मामले में किसी तरह की रियायत देने के मूड में नहीं है। बोर्ड अब उनके स्पष्टीकरण और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे का फैसला करेगा।

क्या है पूरा मामला?

रिपोर्ट्स के अनुसार, लिटन दास को 20 जुलाई को अपनी पिंडली (काफ) की चोट की विशेष जांच के लिए सिंगापुर जाना था। इसी चोट के कारण वह हालिया जिम्बाब्वे टी20 सीरीज और मौजूदा लंका प्रीमियर लीग (LPL) 2026 से भी बाहर हो गए थे। हालांकि इसी बीच खबर सामने आई कि जिम्बाब्वे दौरे के बाद वह BCB को बिना सूचित किए चीन चले गए। केंद्रीय अनुबंधित खिलाड़ियों के लिए बोर्ड की अनुमति के बिना विदेश यात्रा करना नियमों का उल्लंघन माना जाता है।

BCB ने क्या कहा?

क्रिकबज़ की रिपोर्ट के अनुसार, BCB के एक सूत्र ने कहा, 'वह (लिटन) चीन गए थे, जिसे बोर्ड ने गंभीरता से लिया। बोर्ड ने उन्हें बुलाकर पूछा कि वह किसकी अनुमति से और क्यों गए थे।' इसके बाद रविवार को लिटन दास को अनुशासन समिति के सामने अपना पक्ष रखने के लिए बुलाया गया।

अब क्या होगा?

बताया जा रहा है कि लिटन दास ने समिति के सामने अपना पक्ष रखा है। अब BCB की मेडिकल कमेटी उनके दावे और मेडिकल दस्तावेजों की जांच करेगी। रिपोर्ट आने के बाद ही बोर्ड यह तय करेगा कि उनके खिलाफ कोई अनुशासनात्मक कार्रवाई की जाएगी या नहीं।

चोट के कारण पहले भी हुए थे बाहर

लिटन दास को ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू वनडे सीरीज के दौरान काफ इंजरी हुई थी। इसी वजह से वह टेस्ट सीरीज नहीं खेल पाए। बाद में उन्होंने जिम्बाब्वे के खिलाफ वनडे सीरीज के लिए टीम में वापसी की, लेकिन पूरी तरह फिट नहीं हो सके। इसके चलते उन्हें LPL 2026 से भी हटना पड़ा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News