टी20 वर्ल्ड कप : भारत में न खेलने के फैसले पर बांग्लादेशी कोच का बड़ा खुलासा, फिर गरमाया विवाद

punjabkesari.in Saturday, Feb 21, 2026 - 12:55 PM (IST)

नई दिल्ली : टी20 वर्ल्ड कप 2026 से बांग्लादेश के हटने के फैसले पर बड़ा विवाद खड़ा हो गया है। बांग्लादेश के पूर्व स्पोर्ट्स एडवाइजर Asif Nazrul ने दावा किया था कि टूर्नामेंट से नाम वापसी का फैसला टीम के खिलाड़ियों और कोचिंग स्टाफ ने मिलकर लिया था। हालांकि, इस बयान को बांग्लादेश क्रिकेट टीम के सीनियर असिस्टेंट कोच Mohammad Salahuddin ने सिरे से खारिज कर दिया है।

“आसिफ नजरुल ने साफ झूठ बोला” – मोहम्मद सलाहुद्दीन

मोहम्मद सलाहुद्दीन ने शुक्रवार को पत्रकारों से बातचीत में कहा: 'आसिफ नजरुल का बयान पूरी तरह गलत है। एक यूनिवर्सिटी प्रोफेसर होकर वह इतना साफ झूठ कैसे बोल सकते हैं, यह समझ से परे है। फैसला सरकार द्वारा लिया गया था और टीम को टी20 वर्ल्ड कप में हिस्सा न लेने के लिए मजबूर किया गया था। इसमें खिलाड़ियों या कोच की कोई भूमिका नहीं थी।'

उन्होंने यह भी कहा कि खिलाड़ी खुद टूर्नामेंट नहीं खेल पाने को लेकर तनाव में थे और दो खिलाड़ी तो गंभीर रूप से बीमार भी पड़ गए थे। सलाहुद्दीन ने आरोप लगाया कि अब सारा दोष खिलाड़ियों और कोच पर डाला जा रहा है, जबकि असल में यह फैसला ऊपर से लिया गया था।

क्या था पूरा विवाद?

बांग्लादेश पहले टी20 वर्ल्ड कप 2026 का हिस्सा था। लेकिन बाद में उसने भारत में मैच खेलने से इनकार कर दिया। विवाद की शुरुआत आईपीएल 2026 के दौरान हुई, जब बांग्लादेशी तेज गेंदबाज Mustafizur Rahman को कोलकाता नाइटराइडर्स से रिलीज कर दिया गया। बताया गया कि बांग्लादेश में हिंदुओं के खिलाफ हिंसा के चलते हालात संवेदनशील थे।

Board of Control for Cricket in India (बीसीसीआई) ने फ्रेंचाइजी को उन्हें रिलीज करने का निर्देश दिया था। इसके बाद बांग्लादेश ने सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए भारत आने से इनकार कर दिया और मैचों को किसी अन्य देश में शिफ्ट करने की मांग की।

ICC का रुख और बांग्लादेश की जिद

मामला International Cricket Council (आईसीसी) तक पहुंचा। आईसीसी ने सर्वे और सुरक्षा आकलन के बाद कहा कि बांग्लादेशी खिलाड़ियों को भारत में किसी तरह का खतरा नहीं होगा। आईसीसी ने बांग्लादेश को आश्वासन भी दिया और अपना रुख बदलने के लिए समयसीमा तय की। लेकिन बांग्लादेश अपने फैसले पर अड़ा रहा।

आखिरकार आईसीसी ने बड़ा कदम उठाते हुए बांग्लादेश को टूर्नामेंट से बाहर कर दिया और उसकी जगह स्कॉटलैंड को शामिल किया।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News