बांग्लादेश की कप्तान निगार सुल्ताना ने आउट होने के बाद जमीन पर पटका बल्ला, फटकार के साथ मिली सजा

punjabkesari.in Monday, May 04, 2026 - 04:45 PM (IST)

दुबई : बांग्लादेश की कप्तान निगार सुल्ताना जोटी को शनिवार को सिलहट में श्रीलंका के खिलाफ तीसरे महिला T20I मैच के दौरान ICC आचार संहिता के लेवल 1 का उल्लंघन करने के लिए आधिकारिक तौर पर फटकार लगाई गई है। इंटरनेशनल क्रिकेट काउंसिल (ICC) ने बताया कि बांग्लादेश की कप्तान ने अनुच्छेद 2.2 का उल्लंघन किया है, जो 'किसी अंतरराष्ट्रीय मैच के दौरान क्रिकेट के सामान या कपड़ों, मैदान के सामान या फिक्स्चर और फिटिंग का गलत इस्तेमाल' करने से संबंधित है। 

यह घटना बांग्लादेश की पारी के दौरान हुई जब निगार आउट होने के बाद साफ तौर पर निराश दिख रही थीं और मैदान छोड़ने से पहले उन्होंने अपना बल्ला जमीन पर फेंक दिया था। औपचारिक फटकार के अलावा निगार के अनुशासन रिकॉर्ड में एक डिमेरिट पॉइंट भी जोड़ दिया गया है। पिछले 24 महीनों में यह उनका पहला अपराध है। ICC ने सोमवार को अपने बयान में कहा, 'निगार ने अपना अपराध स्वीकार कर लिया और एमिरेट्स ICC इंटरनेशनल पैनल ऑफ मैच रेफरी की सदस्य सुप्रिया रानी दास द्वारा प्रस्तावित सजा को मान लिया, इसलिए औपचारिक सुनवाई की कोई जरूरत नहीं पड़ी।' 

ये आरोप ऑन-फील्ड अंपायर एलोइस शेरिडन और शथीरा जाकिर जेसी के साथ-साथ तीसरे अंपायर रोकेया सुल्ताना और चौथे अंपायर चंपा चकमा ने लगाए थे। लेवल 1 के उल्लंघन पर कम से कम आधिकारिक फटकार और ज्यादा से ज्यादा खिलाड़ी की मैच फीस का 50 प्रतिशत जुर्माना, साथ ही एक या दो डिमेरिट पॉइंट की सजा दी जाती है। 

ICC के नियमों के अनुसार डिमेरिट पॉइंट खिलाड़ी के अनुशासन रिकॉर्ड में सजा दिए जाने की तारीख से 24 महीनों तक बने रहते हैं। यदि कोई खिलाड़ी इस अवधि के भीतर चार या उससे ज्यादा डिमेरिट पॉइंट हासिल कर लेता है, तो उन्हें सस्पेंशन पॉइंट में बदल दिया जाता है जिसके परिणामस्वरूप उस पर प्रतिबंध लग जाता है। दो सस्पेंशन पॉइंट का मतलब है एक टेस्ट, दो ODI, या दो T20I मैचों से प्रतिबंध जो खिलाड़ी के शेड्यूल पर निर्भर करता है। 

मैच की बात करें तो श्रीलंका ने बारिश से प्रभावित तीसरे T20I मैच में बांग्लादेश को तीन रनों से हराकर 3-0 से सीरीज अपने नाम कर ली। श्रीलंका की कप्तान चमारी अथापथु ने शानदार ऑलराउंड प्रदर्शन करते हुए टीम को जीत दिलाई। उन्होंने सबसे ज्यादा 41 रन बनाए और फिर गेंदबाजी में 2/15 का प्रदर्शन किया। 


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News