IND vs ENG: ''विराट के साथ बल्लेबाजी करना हमेशा मजेदार होता है'': रोहित शर्मा
punjabkesari.in Monday, Jul 20, 2026 - 04:54 PM (IST)
स्पोर्ट्स डेस्क : भारत और इंग्लैंड के बीच लॉर्ड्स में खेले गए तीसरे और निर्णायक वनडे में टीम इंडिया को 27 रन से हार का सामना करना पड़ा, जिसके साथ ही इंग्लैंड ने तीन मैचों की सीरीज 2-1 से अपने नाम कर ली। हालांकि हार के बावजूद भारतीय कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली की शानदार बल्लेबाजी चर्चा का विषय रही। दोनों दिग्गजों ने एक और यादगार साझेदारी निभाई और अपने करियर का 400वां अंतरराष्ट्रीय मैच साथ खेलने का अनोखा रिकॉर्ड भी बनाया। मैच के बाद रोहित शर्मा ने विराट कोहली के साथ अपनी साझेदारी और मैदान पर बनने वाली शानदार समझ को लेकर खुलकर बात की।
'विराट के साथ बल्लेबाजी करना हमेशा मजेदार होता है'
बीसीसीआई टीवी से बातचीत में रोहित शर्मा ने कहा कि विराट कोहली के साथ उन्होंने अपना लगभग पूरा अंतरराष्ट्रीय करियर खेला है और इसी वजह से दोनों एक-दूसरे के खेल और सोच को अच्छी तरह समझते हैं। रोहित शर्मा ने कहा, 'हमने अपना लगभग पूरा करियर साथ खेला है। ऐसे में विराट का बीच में होना हमेशा अच्छा लगता है। हमने साथ मिलकर कई बड़ी साझेदारियां की हैं। उनके साथ बल्लेबाजी करना हमेशा मजेदार होता है क्योंकि हम एक-दूसरे को बहुत अच्छी तरह समझते हैं।'
उन्होंने आगे कहा, 'जब हम बल्लेबाजी कर रहे होते हैं तो लगातार बातचीत होती रहती है। हम एक-दूसरे के साथ विचार साझा करते हैं और यह समझने की कोशिश करते हैं कि मैच को आगे कैसे लेकर जाना है। यही हमारी साझेदारियों की सबसे बड़ी ताकत रही है।'
400वें अंतरराष्ट्रीय मैच में साथ उतरे RO-KO
लॉर्ड्स वनडे रोहित शर्मा और विराट कोहली के लिए बेहद खास रहा। यह दोनों दिग्गजों का साथ में खेला गया 400वां अंतरराष्ट्रीय मुकाबला था। दोनों ने अब तक भारत के लिए 234 वनडे, 106 टी20 अंतरराष्ट्रीय और 60 टेस्ट मैच साथ खेले हैं। इतने लंबे समय तक एक साथ खेलने वाले खिलाड़ियों में यह जोड़ी भारतीय क्रिकेट की सबसे सफल जोड़ियों में गिनी जाती है।
388 रन के लक्ष्य का किया दमदार पीछा
इंग्लैंड ने पहले बल्लेबाजी करते हुए भारत के सामने 388 रन का विशाल लक्ष्य रखा। जवाब में रोहित शर्मा और विराट कोहली ने दूसरे विकेट के लिए सिर्फ 86 गेंदों में 113 रन जोड़कर भारत की जीत की उम्मीदों को मजबूत कर दिया। शुरुआत में रोहित ने आक्रामक बल्लेबाजी करते हुए 48 गेंदों में 71 रन बनाए, जबकि विराट ने 38 गेंदों पर 38 रन बनाकर उनका अच्छा साथ निभाया। इस साझेदारी के बाद भारत मजबूत स्थिति में नजर आ रहा था, लेकिन इंग्लैंड के गेंदबाजों ने वापसी करते हुए मैच पलट दिया।
रोहित का 34वां शतक, विराट की शानदार फिफ्टी
रोहित शर्मा ने आलोचकों और रिटायरमेंट की चर्चाओं का बल्ले से जवाब देते हुए 110 गेंदों में 138 रन की शानदार पारी खेली। उनकी इस पारी में 17 चौके और पांच छक्के शामिल रहे। वहीं विराट कोहली ने भी बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 60 गेंदों में 74 रन बनाए, जिसमें चार चौके और तीन छक्के शामिल थे। हालांकि दोनों की शानदार पारियां भारत को जीत नहीं दिला सकीं और टीम 27 रन से मुकाबला हार गई।
रिटायरमेंट की अफवाहों पर भी लगाया विराम
लॉर्ड्स वनडे से पहले रोहित शर्मा के वनडे क्रिकेट से संन्यास लेने की अटकलें तेज थीं, लेकिन उन्होंने पहले 138 रन की विस्फोटक पारी खेलकर और फिर मैच के बाद अपने बयान से साफ कर दिया कि फिलहाल उनका पूरा ध्यान टीम इंडिया के लिए प्रदर्शन करने पर है।

