BCCI का बड़ा फैसला, अफगानिस्तान टेस्ट में शुभमन गिल की कप्तानी में उतरेगी फुल स्ट्रेंथ टीम

punjabkesari.in Saturday, Mar 21, 2026 - 11:59 AM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : Board of Control for Cricket in India ने अफगानिस्तान के खिलाफ जून में होने वाले एकमात्र टेस्ट मैच के लिए बड़ा फैसला लिया है। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस मैच में टीम इंडिया की फुल स्ट्रेंथ टीम उतरेगी और किसी भी सीनियर खिलाड़ी को आराम नहीं दिया जाएगा। यह टेस्ट मैच 6 जून से न्यू चंडीगढ़ में खेला जाएगा। टीम की कप्तानी Shubman Gill करेंगे।

अफगानिस्तान टेस्ट में फुल स्ट्रेंथ टीम उतरेगी

भारत और अफगानिस्तान के बीच यह ऐतिहासिक टेस्ट मैच न्यू चंडीगढ़ के महाराजा यादवेंद्र सिंह इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। इस टेस्ट के बाद दोनों टीमों के बीच तीन मैचों की वनडे सीरीज भी खेली जाएगी। रिपोर्ट्स के अनुसार चयनकर्ता इस मैच में किसी भी तरह का प्रयोग नहीं करना चाहते और टीम की सबसे मजबूत प्लेइंग इलेवन उतारने की तैयारी में हैं। टीम में Jasprit Bumrah और Mohammed Siraj जैसे प्रमुख तेज गेंदबाज शामिल हो सकते हैं।

सीनियर खिलाड़ियों को आराम नहीं

यह फैसला इसलिए भी अहम माना जा रहा है क्योंकि यह सीरीज IPL 2026 के तुरंत बाद खेली जाएगी। आमतौर पर ऐसे समय में सीनियर खिलाड़ियों को आराम दिया जाता है, लेकिन बोर्ड ने साफ कर दिया है कि टेस्ट क्रिकेट में किसी तरह की ढील नहीं दी जाएगी। एक BCCI सूत्र ने कहा, 'भारत की टेस्ट कैप प्रयोग के लिए नहीं है। इसके लिए इंडिया ए शैडो टूर होते हैं। फिलहाल टेस्ट में बुमराह, सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा चयनकर्ताओं की सूची में टॉप तीन गेंदबाज हैं।'

टेस्ट क्रिकेट में टीम इंडिया का प्रदर्शन चिंता का विषय

हेड कोच Gautam Gambhir के कार्यकाल में भारत का टेस्ट प्रदर्शन उतार-चढ़ाव भरा रहा है। भारत ने बांग्लादेश और वेस्टइंडीज के खिलाफ घरेलू सीरीज जीती, लेकिन इसके बाद टीम को लगातार मुश्किलों का सामना करना पड़ा। दरअसल, Rohit Sharma, Virat Kohli और Ravichandran Ashwin जैसे दिग्गज खिलाड़ियों के संन्यास के बाद टीम ट्रांजिशन दौर से गुजर रही है, जिसका असर टेस्ट प्रदर्शन पर साफ दिखा है।

न्यूजीलैंड और साउथ अफ्रीका से मिली हार

भारत को घरेलू मैदान पर New Zealand के खिलाफ ऐतिहासिक क्लीन स्वीप का सामना करना पड़ा था। इसके अलावा टीम को बॉर्डर-गावस्कर ट्रॉफी में भी तीन मैचों में हार मिली। भारत ने इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज 2-2 से ड्रॉ जरूर कराई, लेकिन घरेलू मैदान पर South Africa से 0-2 की हार ने टीम की टेस्ट ताकत पर सवाल खड़े कर दिए।

WTC में भारत की स्थिति

वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) 2025-27 साइकिल में भारत की स्थिति फिलहाल अच्छी नहीं है। टीम ने 9 मैचों में सिर्फ 4 जीत हासिल की है और टीम अंक तालिका में छठे स्थान पर है। भारत का पॉइंट प्रतिशत 48.15 है, जिससे 2027 WTC फाइनल की राह मुश्किल होती दिख रही है। अब भारत को बाकी बचे मैचों में शानदार प्रदर्शन करना होगा।

आगे का शेड्यूल काफी अहम

भारत को अभी इस WTC साइकिल में 9 टेस्ट मैच और खेलने हैं। इसमें श्रीलंका दौरे पर दो टेस्ट मैचों की सीरीज और इसके बाद न्यूजीलैंड दौरा शामिल है। इस WTC साइकिल का अंत 2027 में ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ घरेलू Border-Gavaskar Trophy से होगा, जो भारत के लिए बेहद अहम सीरीज साबित होगी।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News