रणजी ट्रॉफी में 60 विकेट, फिर भी इंतजार! आकिब नबी के चयन पर BCCI ने दिया बड़ा बयान

punjabkesari.in Tuesday, Mar 03, 2026 - 03:57 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : जम्मू-कश्मीर के तेज गेंदबाज आकिब नबी को भारतीय टेस्ट टीम में शामिल करने की मांग तेज हो गई है। रणजी ट्रॉफी के इस सीजन में 60 विकेट लेकर वह सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज बने। शानदार प्रदर्शन के बाद उनके चयन को लेकर चर्चा जोरों पर है, लेकिन BCCI ने इस मुद्दे पर अपना रुख स्पष्ट कर दिया है।

60 विकेट के साथ बने सीजन के नंबर-1 गेंदबाज

29 वर्षीय आकिब नबी ने 10 मैचों में 60 विकेट झटके। इस दौरान उन्होंने 7 बार पांच विकेट हॉल लिए, जो इस सीजन में किसी भी गेंदबाज द्वारा सबसे ज्यादा है।

क्वार्टरफाइनल और सेमीफाइनल में उन्होंने पांच-पांच विकेट लिए, जबकि फाइनल में उनकी घातक स्पेल ने मैच का रुख बदल दिया। उनकी गेंदबाजी जम्मू-कश्मीर की खिताबी जीत की सबसे बड़ी वजहों में रही।

BCCI सचिव का बयान: फैसला चयनकर्ताओं के हाथ में

BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने माना कि नबी के प्रदर्शन ने सबका ध्यान खींचा है। हालांकि उन्होंने साफ किया कि टीम में चयन का फैसला पूरी तरह चयनकर्ताओं के हाथ में है।

उन्होंने कहा, 'उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया है। टीम की सफलता में उनका बड़ा योगदान रहा। क्वार्टरफाइनल, सेमीफाइनल और फाइनल में उनकी गेंदबाजी निर्णायक रही। सभी लोग उनके प्रदर्शन पर नजर रखे हुए हैं।'

‘उन्हें यहां तक कौन लाया?’ – साफ संदेश

सैकिया ने यह भी कहा कि रणजी ट्रॉफी के हर मैच में राष्ट्रीय चयनकर्ता मौजूद थे और खिलाड़ियों के प्रदर्शन पर नजर रख रहे थे। उन्होंने कहा, 'आकिब नबी बारामूला से आते हैं। उन्हें यहां तक कौन लाया? जम्मू-कश्मीर के चयनकर्ता। BCCI चयनकर्ताओं ने उन्हें नहीं लाया। लेकिन जब कोई खिलाड़ी घरेलू क्रिकेट में राज्य का प्रतिनिधित्व करता है, तो राष्ट्रीय चयनकर्ता उस पर नजर रखते हैं।'

यह बयान साफ करता है कि BCCI घरेलू संरचना के जरिए प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने की प्रक्रिया पर भरोसा करता है, लेकिन अंतिम फैसला चयन समिति ही लेगी।

छोटे शहरों से उभरती प्रतिभाओं पर फोकस

BCCI का कहना है कि अब ऐसी व्यवस्था बनाई गई है कि कोई भी प्रतिभा नजरअंदाज न हो। चयनकर्ता हर रणजी मैच में मौजूद रहते हैं और प्रदर्शन के आधार पर खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका मिलता है। आकिब नबी का मामला भी इसी प्रक्रिया का हिस्सा है। अब देखना होगा कि चयनकर्ता उन्हें भारतीय टेस्ट टीम में कब और कैसे मौका देते हैं।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News