IPL 2026: 15 वर्षीय सूर्यवंशी को आक्रामक सेंड-ऑफ पड़ा भारी, काइल जैमीसन पर BCCI का एक्शन

punjabkesari.in Saturday, May 02, 2026 - 11:32 AM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क: BCCI ने IPL 2026 के दौरान अनुशासनहीनता पर कड़ा रुख अपनाते हुए Delhi Capitals के तेज गेंदबाज Kyle Jamieson को चेतावनी दी है। राजस्थान रॉयल्स के खिलाफ मैच में 15 वर्षीय बल्लेबाज Vaibhav Sooryavanshi को आक्रामक अंदाज़ में सेंड-ऑफ देने के कारण जैमीसन को एक डिमेरिट पॉइंट भी दिया गया।

क्या था पूरा मामला?

यह घटना जयपुर के Sawai Mansingh Stadium में खेले गए मुकाबले के दौरान हुई। पहली पारी के दूसरे ओवर में जैमीसन ने वैभव सूर्यवंशी को आउट करने के बाद जश्न मनाते हुए उनके बेहद करीब जाकर आक्रामक व्यवहार किया। यह रवैया आईपीएल के आचार संहिता के खिलाफ माना गया। IPL के बयान के अनुसार, 'जैमीसन ने आर्टिकल 2.5 का उल्लंघन किया, जो ऐसे व्यवहार से जुड़ा है जो किसी खिलाड़ी को उकसा सकता है या अपमानजनक हो सकता है।'

जैमीसन ने मानी गलती

मैच रेफरी के फैसले के बाद जैमीसन ने अपनी गलती स्वीकार कर ली और सजा को मान लिया। इस वजह से मामले को आगे नहीं बढ़ाया गया।

कैसे आउट हुए सूर्यवंशी?

दूसरे ओवर की चौथी गेंद पर सूर्यवंशी ने जैमीसन को लॉन्ग-ऑफ पर चौका लगाया। लेकिन अगली ही गेंद पर जैमीसन ने लो फुलटॉस डाली, जिस पर बल्लेबाज़ सही तरीके से शॉट नहीं लगा सके। गेंद बल्ले का किनारा लेकर पैड से टकराई और स्टंप्स पर जा लगी। सूर्यवंशी सिर्फ 4 रन बनाकर आउट हो गए। उस समय टीम का स्कोर 12 रन पर 2 विकेट था।

अच्छी शुरुआत के बाद महंगे साबित हुए जैमीसन

शुरुआत में अच्छी गेंदबाजी करने के बाद जैमीसन बाद में महंगे साबित हुए। Riyan Parag ने उनके ओवर में जमकर रन बटोरे और दो छक्के व एक चौका जड़ा। अपने 4 ओवर के स्पेल में जैमीसन ने 48 रन खर्च किए।

दिल्ली की जीत और मैच का नतीजा

इस मुकाबले में दिल्ली कैपिटल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए राजस्थान रॉयल्स को हराया। यह टीम की लगातार तीन हार के बाद पहली जीत थी। जैमीसन इस सीजन में अपना दूसरा मैच खेल रहे थे और उन्होंने Mitchell Starc के साथ मिलकर गेंदबाजी की शुरुआत की। स्टार्क ने इस मैच में तीन विकेट झटके।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News