IPL नीलामी से पहले गौतम गंभीर ने बताया- क्या है लखनऊ सुपरजायंट्स टीम की प्लानिंग

punjabkesari.in Saturday, Jan 29, 2022 - 09:28 PM (IST)

खेल डैस्क : आई.पी.एल. 2022 मार्च माह के अंतिम  सप्ताह में प्रस्तावित है। इससे पहले सभी फ्रेंचाइजी बढिय़ा प्लेयरों के लिए बोली लगाने की तैयारी कर रही हैं। 12-13 फरवरी को मैगा ऑक्शन होगी जिसके लिए नई फ्रेंचाइजी लखनऊ सुपरजायंट्स भी तैयार है। इसी बीच नीलामी की तैयारियों पर बात करने के लिए लखनऊ सुपरजॉयट्स के मेंटोर गौतम गंभीर सामने आए हैं। इस दौरान उन्होंने खुलकर टीम की प्लानिंग के बारे में बात की। 

40 साल के गंभीर आई.पी.एल. में खेलते हुए बतौर  कप्तान कोलकाता नाइट राइडर्स की ओर से दो खिताब जीत चुके हैं। अब उनपर लखनऊ को आगे लेकर जाने की जिम्मेदारी है। इसका अगला पड़ाव आगामी मैगा ऑक्शन है। टीम की रणनीति पर बात करते हुए गंभीर ने कहा कि मुझे लगता है कि हमारे पास एक विरासत बनाने और कुछ ऐसा बनाने का शानदार मौका है जो पहले कभी नहीं बनाया गया। हम किसी की नकल नहीं करना चाहते। हमें अपना टैम्पलेट बनाने की जरूरत है।

बता दें कि लखनऊ सुपर जायंट्स को संजीव गोयनका ने खरीदा है। वे 2016 और 2017 में पुणे फ्रेंचाइजी के भी मालिक थे। 2017 के फाइनल में पुणे टीम एक रन से फाइनल हार गई थी। गंभीर ने कहा कि हमें अधूरे काम को खत्म करना है। संजीव सर के पास जब पुणे फ्रेंचाइजी थी, तो वे एक रन से खिताब जीतने से चूक गए थे। अब हमें खिताब जीतना है। हम यह वादा नहीं कर सकते कि यह इसी साल होगा। इसमें समय लग सकता है लेकिन हम इसे पा लेंगे। 

Content Writer

Jasmeet