बेन स्टोक्स के चेहरे पर लगी गंभीर चोट, आंख नीली पड़ी, गाल और होंठ पर पड़े निशान

punjabkesari.in Thursday, Feb 05, 2026 - 08:26 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : इंग्लैंड क्रिकेट टीम के टेस्ट कप्तान बेन स्टोक्स एक हादसे का शिकार हो गए हैं, जिसमें क्रिकेट बॉल लगने से उनके चेहरे पर गंभीर चोट आई है। इस घटना ने इंग्लैंड क्रिकेट फैंस की चिंता बढ़ा दी है, खासकर ऐसे समय में जब एशेज सीरीज में हार के बाद टीम पहले ही दबाव में है। सोशल मीडिया पर सामने आई तस्वीरों में स्टोक्स की हालत साफ दिखाई दे रही है, जिससे उनकी फिटनेस और आगामी टेस्ट सीजन को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।

क्रिकेट बॉल से चेहरे पर गंभीर चोट

बेन स्टोक्स को क्रिकेट बॉल सीधे चेहरे पर लगी, जिससे उनकी दाहिनी आंख के आसपास काफी सूजन आ गई है। आंख नीली पड़ गई है, गाल और होंठ पर खरोंच के निशान दिख रहे हैं, जबकि नाक पर पट्टी बंधी हुई नजर आ रही है। चोट की गंभीरता का अंदाज़ा इसी बात से लगाया जा सकता है कि चेहरे का बड़ा हिस्सा सूजा हुआ दिखाई दे रहा है।

सोशल मीडिया पर शेयर की तस्वीर

34 वर्षीय ऑलराउंडर ने खुद इंस्टाग्राम पर अपनी चोट की तस्वीर साझा की। तस्वीर के साथ उन्होंने हल्के-फुल्के अंदाज़ में कैप्शन लिखा, “आपको क्रिकेट बॉल की हालत देखनी चाहिए।” स्टोक्स का यह मज़ाकिया रुख भले ही उनके जज़्बे को दिखाता हो, लेकिन तस्वीर ने फैंस और क्रिकेट एक्सपर्ट्स के बीच चिंता बढ़ा दी है।

PunjabKesari

एशेज हार के बाद मुश्किल दौर

बेन स्टोक्स हाल ही में ऑस्ट्रेलिया दौरे से इंग्लैंड लौटे हैं, जहां टीम को एशेज सीरीज़ में 4-1 से करारी हार का सामना करना पड़ा। यह दौरा इंग्लैंड के लिए काफी निराशाजनक रहा और अब इस हार की आधिकारिक समीक्षा भी चल रही है। इंग्लैंड एंड वेल्स क्रिकेट बोर्ड (ECB) टीम के प्रदर्शन और रणनीति को लेकर मंथन कर रहा है।

कोच मैकुलम का बयान

इंग्लैंड के हेड कोच ब्रेंडन मैकुलम ने भी स्वीकार किया है कि एशेज सीरीज़ के कुछ नतीजे उम्मीद के मुताबिक नहीं रहे। उन्होंने माना कि टीम से कुछ अहम स्तर पर चूक हुई, जिस पर आगे काम किया जाएगा। ऐसे माहौल में कप्तान स्टोक्स की चोट टीम मैनेजमेंट के लिए एक और चिंता का विषय बन गई है।

काउंटी क्रिकेट में वापसी की उम्मीद

चोट के बावजूद उम्मीद जताई जा रही है कि बेन स्टोक्स काउंटी चैंपियनशिप के शुरुआती राउंड में डरहम के लिए खेल सकते हैं। यह उनके लिए टेस्ट समर से पहले मैच प्रैक्टिस का अहम मौका होगा। हालांकि, उनकी फिटनेस पर अंतिम फैसला मेडिकल टीम की रिपोर्ट के बाद ही लिया जाएगा।

न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज पर नजर

इंग्लैंड को 4 जून से लॉर्ड्स में न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट सीरीज़ खेलनी है, जो घरेलू समर की शुरुआत होगी। ऐसे में टीम चाहेगी कि कप्तान पूरी तरह फिट होकर मैदान पर उतरें। स्टोक्स की चोट कितनी जल्दी ठीक होती है, यह आने वाले दिनों में साफ होगा।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Writer

Sanjeev

Related News