''कई साल हो गए हैं'', भुवनेश्वर कुमार ने भारतीय टीम में वापसी पर दिया बयान
punjabkesari.in Tuesday, May 12, 2026 - 03:10 PM (IST)
नई दिल्ली : अनुभवी भारतीय तेज गेंदबाज भुवनेश्वर कुमार ने रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) के साथ IPL 2026 सीजन में शानदार प्रदर्शन करने के बावजूद राष्ट्रीय टीम में संभावित वापसी की चर्चाओं को खारिज कर दिया है। उन्होंने कहा कि पिछली निराशाओं से सबक लेते हुए अब वह लंबे समय के लक्ष्य तय नहीं करते हैं। इस 36 साल के स्विंग गेंदबाज ने (IPL 2026 में अब तक 21 विकेट) कहा कि भारत की टीम में वापसी को लेकर बाहर होने वाली चर्चाएं अब उनके दिमाग में नहीं आतीं।
RCB द्वारा X पर जारी एक वीडियो में भुवनेश्वर ने कहा, 'मैं भारत की टीम में वापसी के बारे में नहीं सोचता। कई साल हो गए हैं जब मैंने लंबे समय के लक्ष्य तय करना बंद कर दिया था। क्योंकि जब भी मैंने ऐसा किया, तो उसका मुझे कभी फायदा नहीं हुआ।'
IPL में लगातार अच्छे प्रदर्शन के बाद कई पूर्व क्रिकेटरों और विशेषज्ञों ने हाल ही में भारतीय टीम में उनकी वापसी की वकालत की है लेकिन भुवनेश्वर ने कहा कि वह अपने करियर में जिस मुकाम पर हैं, उससे वह संतुष्ट हैं। उन्होंने कहा, 'मुझे खुशी है कि मैंने 200 मैच खेले हैं, इतने सारे विकेट लिए हैं, पावरप्ले में गेंदबाजी की है, डेथ ओवरों में भी। मुझे लगता है कि यह सब उन चीजों का इनाम है जो मैंने इतने सालों में की हैं। कुछ साल अच्छे रहे और कुछ बुरे।'
उन्होंने आगे कहा, 'सच कहूं तो इस समय मुझे कुछ भी खास महसूस नहीं हो रहा है। बेशक, अगर मैं यह कहूं कि भविष्य में जब मैं खेलना बंद कर दूंगा, तब मुझे ऐसा महसूस नहीं होगा, तो मैं झूठ बोल रहा हो। मुझे लगता है कि ये सभी यादें हैं जो बाद में काम आएंगी। लेकिन इस समय, मुझे लगता है कि यह मेरे लिए बहुत सामान्य बात है।'
अपने लंबे क्रिकेट सफर पर नजर डालते हुए भुवनेश्वर ने याद किया कि उन्होंने 22 साल की उम्र में उत्तर प्रदेश के लिए अपना पहला U-15 मैच खेला था, और अपनी सफलता का श्रेय गेंद को स्विंग कराने की अपनी स्वाभाविक क्षमता को दिया। उन्होंने कहा, 'मुझे लगता है कि यह एक स्वाभाविक स्विंग थी। यह भगवान का दिया हुआ तोहफा था। बुनियादी बातें आज भी वही हैं — गेंद का स्विंग होना, गेंदबाजी का सहज एक्शन, तेज रफ़्तार और उछाल। हो सकता है कि T20 क्रिकेट की जरूरतें बदल गई हों, लेकिन तेज गेंदबाजी की कला आज भी वैसी ही है।'

