FIFA World Cup 2026 Final: गोल्डन बूट की रेस में मेस्सी के सामने एम्बाप्पे को पीछे छोड़ने की चुनौती

punjabkesari.in Sunday, Jul 19, 2026 - 01:29 PM (IST)

स्पोर्ट्स डेस्क : FIFA World Cup 2026 Final: अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेस्सी के सामने स्पेन के खिलाफ विश्व कप फाइनल में सिर्फ ट्रॉफी जीतने की चुनौती नहीं होगी, बल्कि वह 'गोल्डन बूट' और 'गोल्डन बॉल' जैसे दो बड़े व्यक्तिगत पुरस्कारों पर भी नजरें टिकाए होंगे। हालांकि गोल्डन बूट जीतने के लिए उन्हें फ्रांस के स्टार स्ट्राइकर किलियन एम्बाप्पे की बराबरी या उनसे आगे निकलना होगा।

गोल्डन बूट की रेस में मेस्सी के सामने मुश्किल चुनौती

फ्रांस और इंग्लैंड के बीच तीसरे स्थान के मुकाबले में एम्बाप्पे ने दो गोल दागकर इस विश्व कप में अपने कुल गोलों की संख्या 10 तक पहुंचा दी। इसके साथ ही वह मेस्सी से दो गोल आगे निकल गए हैं। ऐसे में मेस्सी को गोल्डन बूट जीतने के लिए फाइनल में कम से कम दो गोल करने होंगे, जबकि उनसे आगे निकलने के लिए तीन गोल की जरूरत होगी।

गोल्डन बॉल जीतने के प्रबल दावेदार

अगर मेस्सी गोल्डन बूट नहीं भी जीत पाते हैं, तब भी उनके पास टूर्नामेंट के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी को मिलने वाला 'गोल्डन बॉल' पुरस्कार तीसरी बार जीतने का सुनहरा मौका है। 1978 में इस पुरस्कार की शुरुआत के बाद मेस्सी ही एकमात्र खिलाड़ी हैं जिन्होंने इसे दो बार अपने नाम किया है। 39 वर्षीय स्टार ने लगातार दूसरे विश्व कप फाइनल तक अर्जेंटीना को पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई है, जिससे वह इस सम्मान के सबसे बड़े दावेदार माने जा रहे हैं। अर्जेंटीना के मुख्य कोच लियोनेल स्कालोनी ने कहा, 'वह महान खिलाड़ी है।'

स्पेन के खिलाड़ी भी पुरस्कारों की दौड़ में

विश्व कप फाइनल के बाद फीफा अन्य व्यक्तिगत पुरस्कार भी देगा। इनमें सर्वश्रेष्ठ गोलकीपर के लिए 'गोल्डन ग्लव' और 21 वर्ष या उससे कम उम्र के सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी के लिए 'बेस्ट यंग प्लेयर अवॉर्ड' शामिल हैं। स्पेन के गोलकीपर उनाई सिमोन ने पूरे टूर्नामेंट में सात मैचों में सिर्फ एक गोल खाया है, जबकि 19 वर्षीय स्टार लामिन यमाल अपने शानदार प्रदर्शन के दम पर 'बेस्ट यंग प्लेयर' पुरस्कार के सबसे बड़े दावेदार हैं।

एमबाप्पे ने रचा नया इतिहास

एमबाप्पे ने इंग्लैंड के खिलाफ तीसरे स्थान के मुकाबले में दो गोल कर विश्व कप के इस संस्करण में अपने गोलों की संख्या 10 कर दी। वह 1970 में जर्मनी के दिग्गज गर्ड मुलर के बाद किसी एक विश्व कप में 10 गोल करने वाले पहले खिलाड़ी बने हैं। एमबाप्पे इससे पहले 2022 विश्व कप में भी गोल्डन बूट जीत चुके हैं।

मेस्सी के पास इतिहास रचने का मौका

अगर अर्जेंटीना विश्व कप जीतता है और मेस्सी गोल्डन बूट भी अपने नाम कर लेते हैं, तो वह 2002 में ब्राजील के रोनाल्डो के बाद विश्व चैंपियन टीम से गोल्डन बूट जीतने वाले पहले खिलाड़ी बन जाएंगे।


सबसे ज्यादा पढ़े गए

Content Editor

Ishtpreet Singh

Related News